अब बूथ ही नहीं, जिला और मंडल स्तर पर भी परखी जाएगी वोटर लिस्ट; यूपी में फर्जीवाड़ा रोकने के लिए बनाया मेगा प्लान
चुनाव आयोग ने 2027 विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए सत्यापन प्रक्रिया सख्त की है। अब नाम जोड़ने, हटाने या संशोधन के आवेदनों की जांच बूथ के साथ जिला और मंडल स्तर पर भी होगी, जिससे फर्जीवाड़ा रुकेगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल Gemini की मदद से बनाया गया है।
HighLights
मतदाता सूची सत्यापन अब जिला और मंडल स्तर पर भी।
फर्जीवाड़ा रोकने को चुनाव आयोग ने प्रक्रिया सख्त की।
पात्रता जांच, नाम जोड़ने-हटाने के नियम कड़े होंगे।
राज्य ब्यूरो, लखनऊ। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले मतदाता सूची को त्रुटिरहित बनाने के लिए चुनाव आयोग सत्यापन और निगरानी की व्यवस्था को और सख्त करने जा रहा है। अब मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने और संशोधन के लिए आने वाले आवेदनों की जांच सिर्फ बूथ स्तर पर ही नहीं होगी, बल्कि जिला और मंडल स्तर पर भी इनकी दोबारा पड़ताल की जाएगी।
जिला निर्वाचन अधिकारी (डीईओ) और मंडलायुक्त स्वयं आवेदनों और उनके सत्यापन की 'सुपर चेकिंग' करेंगे। इसका उद्देश्य गलत तरीके से नाम जुड़ने, पात्र मतदाताओं के नाम कटने और एक ही व्यक्ति का नाम कई जगह दर्ज होने जैसी गड़बड़ियों को रोकना है।
इसके तहत बीएलओ द्वारा किए गए सत्यापन और निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (ईआरओ), सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों (एईआरओ) स्तर पर लिए गए निर्णयों की दोबारा जांच की जाएगी। उदाहरण के तौर पर किसी मतदाता का नाम सूची से हटाने के लिए आवेदन आया है तो यह देखा जाएगा कि संबंधित व्यक्ति की मृत्यु हुई है, वह स्थायी रूप से दूसरी जगह चला गया है या उसका नाम पहले से किसी अन्य स्थान पर दर्ज है।
सत्यापन की परखी जाएगी गुणवत्ता
इसी तरह नाम जोड़ने के आवेदनों में आवेदक की पात्रता, निवास और जरूरी दस्तावेजों की जांच की जा सकती है। संशोधन के मामलों में भी यह देखा जाएगा कि बदलाव सही साक्ष्यों के आधार पर किया गया है या नहीं। किसी आवेदन में गड़बड़ी या संदेह मिलने पर संबंधित अधिकारी से स्पष्टीकरण लेकर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। इस तरह आवेदन के निस्तारण के साथ उसके सत्यापन की गुणवत्ता भी परखी जाएगी।
मतदाता सूची की शुद्धता और गुणवत्ता बनाए रखने के लिए ईआरओ, एईआरओ, बीएलओ और सुपरवाइजर्स का समुचित प्रशिक्षण कराने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही मंडलायुक्त और मुख्य निर्वाचन अधिकारी स्तर से मतदाता सूची से जुड़े कार्यों की नियमित निगरानी की जाएगी। निर्वाचन प्रक्रिया में राजनीतिक दलों की भागीदारी बढ़ाने और शिकायतों के निस्तारण पर भी जोर दिया गया है।
यह भी पढ़ें- लखनऊ में 'जहर' की फैक्ट्री का भंडाफोड़: 2 करोड़ का नकली ऑक्सीटोसिन बरामद, दो सगे भाई गिरफ्तार
राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों के साथ नियमित संवाद और समन्वय बनाए रखा जाएगा। दलों, व्यक्तियों और विभिन्न संगठनों से मिलने वाली शिकायतों एवं आपत्तियों का समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी निस्तारण करने के निर्देश हैं।
इससे मतदाता सूची में किसी तरह की गड़बड़ी की शिकायत मिलने पर उसकी जांच और समाधान सुनिश्चित करने के साथ ही निर्वाचन अधिकारियों की जवाबदेही भी तय होगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।