नेपाल में बाढ़ का असर, सीमावर्ती बाजारों में ठप रहा कारोबार
नेपाल में आई बाढ़ के कारण भारत-नेपाल सीमा से सटे सोनौली, भगवानपुर और ठूठीबारी जैसे बाजारों में व्यापारिक गतिविधियां ठप ...और पढ़ें

सोनौली कस्बे में पसरा सन्नाटा। जागरण
HighLights
नेपाल में बाढ़ से सीमावर्ती बाजारों का कारोबार ठप।
सोनौली, भगवानपुर, ठूठीबारी में ग्राहकों की आवाजाही घटी।
नेपाल से आने वाले ग्राहकों पर निर्भरता से नुकसान।
जागरण संवाददाता, नौतनवा। नेपाल में आई बाढ़ का असर भारत-नेपाल सीमा से सटे बाजारों के कारोबार पर भी पड़ा है। नेपाल में बाढ़और कई मार्गों पर आवागमन प्रभावित होने के कारण सीमावर्ती क्षेत्र के प्रमुख बाजार सोनौली, भगवानपुर और ठूठीबारी में व्यापारिक गतिविधियां लगभग ठप रहीं। सामान्य दिनों में ग्राहकों से गुलजार रहने वाले बाजारों में दिन भर सन्नाटा पसरा रहा।
नेपाल से आने वाले ग्राहकों की संख्या बेहद कम होने से दुकानदारों की बिक्री प्रभावित हुई है। सोनौली बाजार का कारोबार मुख्य रूप से भारत और नेपाल दोनों देशों के ग्राहकों पर निर्भर है। नेपाल में बाढ़ की स्थिति के बाद वहां से भारतीय सीमा की ओर लोगों की आवाजाही प्रभावित हुई। इसका सीधा असर बाजार की दुकानों पर दिखाई दिया। दुकानों के बाहर और प्रमुख व्यापारिक मार्गों पर सामान्य दिनों की तरह चहल-पहल नजर नहीं आई। दुकानदार ग्राहकों के इंतजार में बैठे रहे।
भगवानपुर बाजार में भी कारोबार पर प्रतिकूल असर देखने को मिला। नेपाल से खरीदारी के लिए आने वाले ग्राहकों की संख्या कम होने से कपड़ा, किराना, इलेक्ट्रॉनिक और अन्य कारोबार से जुड़े व्यापारियों की बिक्री प्रभावित हुई। व्यापारियों का कहना है कि सीमा पर आवाजाही कम होने का असर छोटे-बड़े सभी कारोबार पर पड़ रहा है।
ठूठीबारी बाजार में भी स्थिति अलग नहीं रही। नेपाल में उत्पन्न बाढ़ की स्थिति के कारण सीमा पार से ग्राहकों की आवाजाही कम होने से बाजार की रौनक गायब रही। दुकानदारों के अनुसार सीमावर्ती बाजारों में नेपाल से आने वाले ग्राहकों की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। ऐसे में दोनों देशों के बीच आवागमन प्रभावित होने पर कारोबार पर तत्काल असर पड़ता है।
यह भी पढ़ें- नेपाल में तबाही के बाद UP में अलर्ट, भोटेकोशी की बाढ़ से नारायणी-कोसी उफान पर; बाल्मीकि बैराज पर मंडराया खतरा
व्यापारियों ने बताया कि यदि नेपाल में स्थिति जल्द सामान्य नहीं हुई और आवागमन बहाल नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में कारोबारियों को और नुकसान उठाना पड़ सकता है। फिलहाल व्यापारी नेपाल में हालात सामान्य होने और सीमा पर लोगों की आवाजाही दोबारा बढ़ने का इंतजार कर रहे हैं।
