विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैनपुरी में 40 करोड़ की कीमती जमीन पर प्रशासन की कार्रवाई: खेत पर चलवाया ट्रैक्टर, DM आवास के पास कब्जाई थी भूमि

Updated: Wed, 19 Aug 2026 03:44 PM (IST)

मैनपुरी में जिलाधिकारी आवास के पास भूमाफियाओं के कब्जे से 40 करोड़ रुपये की 32 बीघा नजूल भूमि मुक्त कराई गई। डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी के निर्देश पर राजस्व टीम ने फसल जोतकर भूमि को कब्जा मुक्त कराया और एफआईआर दर्ज करने के आदेश दिए।

जमीन खाली करने पहुंची टीम।

जमीन खाली करने पहुंची टीम।

HighLights

  1. मैनपुरी में 32 बीघा नजूल भूमि भूमाफियाओं से मुक्त कराई गई

  2. मुक्त कराई गई भूमि की कीमत 40 करोड़ रुपये से अधिक है

  3. डीएम के निर्देश पर फसल जोतकर भूमि कब्जा मुक्त हुई

जागरण संवाददाता, मैनपुरी। जिलाधिकारी आवास के ठीक बराबर में भूमाफियाओं ने नगर पालिका की नजूल की करीब 32 बीघा भूमि पर कब्जा कर रखा था। डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी की नजर अवैध कब्जे पर पड़ी तो उन्होंने जांच कराने के बाद एसडीएम सदर को अवैध कब्जा हटवाने के निर्देश दिए। मंगलवार को तहसीलदार राजस्व टीम के साथ ट्रैक्टर लेकर मौके पर पहुंचे, यहां उन्होंने बोई फसल को जाेतकर भूमि को कब्जा मुक्त कराया।

इसकी कीमत करीब 40 करोड़ रुपये से अधिक बताई जा रही है। डीएम ने कब्जा करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं

डीएम के निर्देश पर सदर तहसील प्रशासन ने की कार्रवाई

जिलाधिकारी आवास के निकट स्टेट ऑफ यूपी के नाम बेशकीमती नजूल की भूमि पड़ी हुई है। जिस पर भू माफियाओं द्वारा अवैध कब्जा कर लिया गया था। आरोप है कि उक्त भूमि पर पालिका कर्मियों की मिलीभगत से कब्जा कर फसल पैदा की जा रही थी।

जानकारी होने के बाद डीएम डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी ने तहसील प्रशासन को कार्रवाई के निर्देश दिए। जिस पर मंगलवार को तहसीलदार सदर हेरेंस कर्दम, तहसीलदार न्यायिक शौर्य वर्धन राठौर, कानूनगो बृजेश सिंह राठौर, क्षेत्रीय लेखपाल अमित वर्मा, ललित किशोर पालिका टीम के साथ मौके पर पहुंचे।

डीएम आवास के निकट पड़ी बेशकीमती भूमि पर किया था कब्जा

जहां अधिकारियों ने भूमि की नापजोख की तो पता चला कि भूमि से जुड़े तीन गाटा पर भू माफिया सालों से कब्जा कर फसल पैदा कर रहे हैं। नापजोख के बाद तहसील प्रशासन ने ट्रैक्टर से फसल को जुतवा कर भूमि कब्जा मुक्त कराकर पालिका प्रशासन के सिपुर्द कर दी है। इस दौरान वहां बोर्ड लगाया गया है। डीएम ने पालिका ईओ बुद्धि प्रकाश को कब्जा करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए हैं।

पालिका कर्मियों पर नजूल भूमि कब्जा कराने का आरोप

नगर क्षेत्र में पालिका की लगभग प्रत्येक वार्ड में नजूल भूमि पड़ी हुई है। कई स्थानों पर भू माफियाओं द्वारा कब्जा कर लिया गया है। नगर के गोला बजार, नगला कीरत, मधाऊ, आगरा बाईपास रोड सहित अन्य स्थानों पर बेशकीमती भूमि पर कब्जा करने के बाद अवैध रूप से निर्माण भी कराया जा चुका है। जानकारी करने पर सामने आया कि पालिका के कुछ कर्मचारी ही भू माफियाओं से सांठ गांठ कर सरकारी भूमि पर कब्जा करा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- जौहर यूनिवर्सिटी में ED का छापा: आजम खान के ड्रीम प्रोजेक्ट के अर्श से फर्श तक की कहानी

यह भी पढ़ें- बीहड़ बना नया टूरिस्ट स्पॉट: डकैतों का नहीं अब पर्यटकों का बसेरा, रोमांच और एडवेंचर का नया सेंटर चंबल सेंक्चुरी

डीएम आवास के ठीक बराबर में करोड़ों की जमीन पर कुछ लोगों ने कब्जा कर लिया था। जांच के बाद 32 बीघा भूमि कब्जा मुक्त कराने के बाद चिह्नांकन करा दिया गया है। ईओ पालिका को कब्जा करने वालों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने के निर्देश दिए गए हैं।

-

डॉ. इंद्रमणि त्रिपाठी, डीएम।