भाईदूज पर आस्था की डुबकी के बीच यमुना में तैरती रहीं भैंसें, भक्तों की भावनाओं से खिलवाड़
वृंदावन में भाईदूज पर यमुना स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं को गंदगी और अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा।
-1794404255422_m.webp)
HighLights
श्रद्धालुओं को भाईदूज पर यमुना में गंदगी और अव्यवस्था मिली।
स्नान के दौरान यमुना में भैंसें और कुत्ते भी विचरण करते दिखे।
नगर निगम की व्यवस्थाओं पर उठे सवाल, भक्तों की भावनाएं आहत।
जागरण संवाददाता, वृंदावन। यम की फांस से मुक्ति और पुण्य की कामना लेकर भाईदूज पर यमुना स्नान करने पहुंचे श्रद्धालुओं को घाटों पर अव्यवस्थाओं का सामना करना पड़ा।
नगर निगम ने स्नान के लिए बैरिकेडिंग तो कराई, लेकिन घाटों पर पसरी गंदगी और यमुना में गिरते गंदे नालों के बीच श्रद्धालुओं की आस्था को उस समय गहरी चोट पहुंची, जब स्नान कर रहे लोगों के बीच भैंसें और कुत्ते भी यमुना में विचरण करते दिखाई दिए। नगर निगम की व्यवस्थाओं के दावों के बीच यह नजारा जिम्मेदारों की कार्यशैली पर सवाल खड़े करता रहा।
ठाकुर बांकेबिहारी की नगरी में यम द्वितीया पर हजारों श्रद्धालु यमफांस से मुक्ति की धार्मिक मान्यता के साथ यमुना स्नान करने पहुंचे थे। कार्तिक मास में नियम-सेवा करने वाले श्रद्धालु भी प्रतिदिन यमुना स्नान और पूजन के लिए घाटों पर पहुंच रहे हैं।
ऐसे में पर्व पर नगर निगम से साफ-सफाई और सुरक्षा के पुख्ता इंतजामों की अपेक्षा थी। निगम ने घाटों पर बैरिकेडिंग कराकर अपनी जिम्मेदारी पूरी मान ली, जबकि घाट किनारे गंदगी पसरी रही और खुले नालों का दूषित पानी यमुना में पहुंचता रहा।
हैरानी की बात यह रही कि जिस स्थान पर भाई-बहन धार्मिक परंपरा के अनुसार एक-दूसरे का हाथ पकड़कर स्नान कर रहे थे, वहीं भैंसों का झुंड और कुत्ते भी पानी में उतरते और विचरण करते नजर आए।
श्रद्धालु भारी मन से परंपरा का निर्वहन करते रहे, लेकिन पशुओं को यमुना में जाने से रोकने के लिए कोई प्रभावी इंतजाम दिखाई नहीं दिया। सवाल यह है कि दूर-दराज से आस्था लेकर पहुंचे श्रद्धालुओं की भावनाओं की जिम्मेदारी आखिर कौन उठाएगा।
नगर निगम की टीम घाटों पर तैनात थी। कहीं कोई पशु यमुना में प्रवेश कर गया होगा तो इसकी जानकारी कराई जाएगी। श्रद्धालुओं को परेशानी न हो, इसके लिए पूरी योजना बनाई गई थी।
-नीरज शर्मा, सहायक नगर आयुक्त
यह भी पढ़ें- सीएम ग्रिड योजना: मथुरा में विकास कार्य पकड़ेगा रफ्तार, सीसी सड़क-फुटपाथ बनेंगे, लगेंगी आकर्षक लाइटें
यह भी पढ़ें- मथुरा में 17 नवंबर को होगा एतिहासिक लक्खी मेले का झंडा विसर्जन, रामलीला के कलाकारों का होगा सम्मान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।