Move to Jagran APP

आठ बार विधायक रहे श्याम सुंदर शर्मा बसपा से निष्कासित, पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप

मथुरा के मांट विधानसभा से आठ बार विधायक रहे श्याम सुंदर शर्मा को बसपा से निष्कासित कर दिया गया है। बसपा प्रमुख मायावती ने पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में यह कार्रवाई की है। श्याम सुंदर शर्मा 1989 से विधायक रहे और अलग-अलग पार्टियों से जुड़े। वह 2017 में बसपा से विधायक बने थे लेकिन 2022 में चुनाव हार गए थे।

By Jagran News Edited By: Shivam Yadav Updated: Fri, 18 Oct 2024 12:18 AM (IST)
Hero Image
पूर्व मंत्री श्याम सुंदर शर्मा। फोटो जागरण आर्काइव

जागरण संवाददाता, मथुरा। मांट विधानसभा से आठ बार विधायक रहे श्याम सुंदर शर्मा को गुरुवार को बसपा से निष्कासित कर दिया गया। पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने के आरोप में बसपा प्रमुख मायावती ने ये कार्रवाई की। वर्ष 2017 में वह बसपा से विधायक बने थे, जबकि 2022 को उन्हें फिर पार्टी ने प्रत्याशी बनाया, लेकिन जीत नहीं सके।

पहली बार चुनाव में ही बने थे विधायक

श्याम सुंदर शर्मा ने पहली बार विधानसभा का चुनाव मांट से 1989 में कांग्रेस के टिकट पर लड़ा था। वह पहली बार में ही विधायक बन गए। इसके बाद वर्ष 1991 व 1993 में भी कांग्रेस से ही विधायक चुने गए। 

लगातार चुनाव जीतने के बाद वह वर्ष 2012 में रालोद के जयंत चौधरी से चुनाव हार गए, लेकिन जयंत चौधरी ने बाद में इस सीट से इस्तीफा दे दिया और उपचुनाव में श्याम सुंदर शर्मा फिर विधायक बने।

 

उन्होंने 2017 में बसपा से चुनाव जीता। वर्ष 2022 में पार्टी ने फिर उन्हें प्रत्याशी बनाया था, लेकिन वह भाजपा के राजेश चौधरी के हाथों पराजित हो गए। बीते लोकसभा चुनाव में उनके द्वारा दूसरे दल में जाने और वहां से लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चाएं भी खूब हुईं, लेकिन श्याम सुंदर बसपा में ही बने रहे। 

बसपा के जिलाध्यक्ष सत्य प्रकाश कर्दम ने बताया कि पार्टी सुप्रीमो ने पार्टी विरोधी गतिविधियों और अनुशासनहीनता के चलते ये कार्रवाई की है। उधर, श्याम सुंदर शर्मा से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उनका मोबाइल स्विच ऑफ था।

डीएपी की मांग को लेकर भाकियू ने किया प्रदर्शन

मथुरा। भारतीय किसान यूनियन सुनील के कार्यकर्ताओं ने लक्ष्मीनगर बलदेव रोड स्थित लोहवन गांव के पास डीएपी खाद की मांग को लेकर प्रदर्शन और नारेबाजी की। भाकियू के महानगर अध्यक्ष उदयभान सिंह जाटव, युवा महानगर अध्यक्ष सतेंद्र चौधरी के नेतृत्व में प्रदर्शन किया गया। 

संगठन के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन चतुर्वेदी, राष्ट्रीय महासचिव लक्ष्मण चौधरी, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डा़ प्रवीण भास्कर एडवोकेट ने कहा कि जिले में किसानों को डीएपी खाद उपलब्ध नहीं हो रही है। किसान सहकारी समितियों के चक्कर काट रहे हैं, लेकिन खाली हाथ वापस आते हैं। 

इस समय आलू, गेहूं और सरसों की बुवाई चल रही है, लेकिन किसान खाद के लिए दर-दर भटक रहा है। जिला प्रशासन किसानों की समस्याओं पर ध्यान नहीं दे रहा। जल्द ही किसानों को डीएपी खाद नहीं मिली तो अनिश्चितकालीन आंदोलन किया जाएगा।

इस मौके पर महानगर प्रमुख महासचिव मोहन श्याम पाठक, महानगर मीडिया प्रभारी माधव बघेल, नगर अध्यक्ष शिव बघेल, अनुज शर्मा, शैलेंद्र सिंह और अंकुर सिंह आदि मौजूद थे।

यह भी पढ़ें: Mirpur Seat : सुम्बुल राणा मीरापुर से सपा की उम्मीदवार, खैर और गाजियाबाद सीट पर लड़ेगी कांग्रेस

यह भी पढ़ें: मेरी शादी करवा दो… कोई करवा चौथ का व्रत तो रखे! फरियाद सुनकर हैरत में पड़े विधायक, पूछा- कैसी लड़की चाहिए?

आपके शहर की हर बड़ी खबर, अब आपके फोन पर। डाउनलोड करें लोकल न्यूज़ का सबसे भरोसेमंद साथी- जागरण लोकल ऐप।