Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    अंसल ग्रुप के निदेशक प्रणव अंसल पर धोखाधड़ी का आरोप, छह के खिलाफ मुकदमा दर्ज

    Updated: Sun, 02 Nov 2025 10:56 AM (IST)

    मेरठ में अंसल ग्रुप के निदेशक प्रणव अंसल समेत छह लोगों पर धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज हुआ है। आरोप है कि उन्होंने एक व्यक्ति से मकान के पैसे लेने के बाद, मकान किसी और को बेच दिया। जब पीड़ित ने पैसे वापस मांगे तो उन्हें जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

    Hero Image

    जागरण संवाददाता, मेरठ। अंसल लैंडमार्क टाउनशिप प्रा.लि. ग्रुप के निदेशक प्रणव अंसल समेत छह कंपनी कर्मचारियों के खिलाफ परतापुर थाने में धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कराया। आरोप है कि कालोनी में मकान आवंटन करने के बाद पूरी रकम वसूली गई। उसके बाद मकान का बैनामा अन्य व्यक्ति को करा दिया।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    रकम वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दी जा रही है। परेशान होकर पीड़ित ने मामले की तहरीर एसएसपी को दी। एसपी क्राइम की जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मुकदमा दर्ज हुआ है।

    गंगानगर के डिफेंस कालोनी निवासी मनोज कुमार जैन ने बताया कि अंसल ग्रुप की सुशांत सिटी कालोनी में एक मकान बुक कराया था। कंपनी की तरफ से मकान आवंटन करने के बाद सभी रकम वसूली कर ली थी। उसके बाद भी कंपनी ने मकान का बैनामा किसी अन्य व्यक्ति से कर दिया।

    पीड़ित की तरफ से अंसल ग्रुप से रकम वापस की मांग की गई। तब एसपी क्राइम के सामने तय हुआ कि अंसल ग्रुप की तरफ से मनोज जैन को प्रत्येक माह दो लाख रकम दी जाएगी। एक माह रकम देने के बाद कंपनी की तरफ से कोई रकम नहीं आई। तब मनोज जैन की तरफ से एसएसपी डा. विपिन ताडा को मामले की शिकायत की गई।

    उन्होंने एसपी क्राइम से मामले की जांच कराई। जांच में पीड़ित का आरोप सही पाया गया। पीड़ित की तरफ से अंसल ग्रुप के निदेशक प्रणव अंसल, प्रोजेक्ट हेड सौरव विज, जीएम अजय पाल शर्मा, मैनेजमेंट कर्मचारी वरुण शर्मा और शिवोम पुंडीर तथा कार्यालय में तैनात अज्ञात युवक के खिलाफ धोखाधड़ी की धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया है।

    इंस्पेक्टर जगवीर अत्री ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। उसके बाद साक्ष्य जुटाए जाएंगे। जीएम अजय पाल शर्मा ने बताया कि उन्होंने अंसल ग्रुप की नौकरी छोड़ दी है। मामला उनकी जानकारी में नहीं है।