विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गंगा एक्सप्रेसवे पर सफर करने वालों के ल‍िए अच्‍छी खबर, 7 माह के इंतजार के बाद मिलने लगी CNG 

By Anuj Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Fri, 27 Nov 2026 06:30 AM (IST)

Ganga Expressway: गंगा एक्सप्रेसवे पर प्रथम पैकेज में यात्रा करने वाले सीएनजी वाहन चालकों को बड़ी राहत मिली है। संभल स्थित रेस्ट एरिया में सीएनजी पंप शुरू हो गया है। 

गंगा एक्सप्रेसवे के प्रथम पैकेज के किमी 125 पर संभल में स्थित रेस्ट एरिया में सीएनजी गैस भरवाते वाहन। सौ. हाईवे संचालनकर्ता एजेंसी

गंगा एक्सप्रेसवे के प्रथम पैकेज के किमी 125 पर संभल में स्थित रेस्ट एरिया में सीएनजी गैस भरवाते वाहन। सौ. हाईवे संचालनकर्ता एजेंसी

HighLights

  1. एक्सप्रेसवे के प्रथम पैकेज में मिलने लगी यह सुविधा।

  2. प्रथम पैकेज मेरठ से बदायूं तक 132 किमी लंबा है। 

जागरण संवाददाता, मेरठ। मेरठ से प्रयागराज तक जाने वाले 594 किमी लंबे गंगा एक्सप्रेसवे के प्रथम पैकेज में पेट्रोल, डीजल की आपूर्ति के साथ ईवी चार्जिंग स्टेशन तो उपलब्ध थे, लेकिन सीएनजी उपलब्ध नहीं थी। इसी कारण सीएनजी चलित वाहनों को भी इस मार्ग पर पेट्रोल अथवा डीजल से ही यात्रा करनी पड़ रही थी।

लगभग सात महीने के इंतजार के बाद गुरुवार को एक्सप्रेसवे के किमी 125 पर संभल में स्थित रेस्ट एरिया में सीएनजी पंप शुरू हो गया। जिसके साथ ही वहां सीएनजी भरवाने के लिए वाहनों की लंबी लाइन लग गई। एक्सप्रेसवे की संचालनकर्ता एजेंसी का दावा है कि मेरठ के पास स्थित शाहजहांपुर रेस्ट में भी जल्द यह सुविधा शुरू हो जाएगी।

गंगा एक्सप्रेसवे का प्रधानमंत्री ने 29 अप्रैल को उद्घाटन किया था। प्रथम पैकेज मेरठ से बदायूं तक 132 किमी लंबा है। जिसका संचालन आइआरबी इंफ्रा कंपनी के पास है। इस दूरी में कंपनी ने शाहजहांपुर और संभल में रेस्ट एरिया बनाकर यात्रियों के लिए पेट्रोल, डीजल ईंधन, रेस्टोरेंट, ईवी चार्जिंग स्टेशन समेत विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई हैं।

अभी तक यहां सीएनजी उपलब्ध नहीं थी।जिसके चलते एक्सप्रेसवे पर सीएनजी चलित वाहन यात्रा करने से कतरा रहे थे। जाते भी थे तो डीजल अथवा पेट्रोल से यात्रा करनी पड़ती थी। संचालनकर्ता एजेंसी के मुख्य महाप्रबंधक अनूप सिंह ने बताया कि गुरुवार को संभल स्थित रेस्ट एरिया में सीएनजी गैस की बिक्री शुरू कर दी गई है। जिसके साथ ही यहां गैस भरवाने के लिए वाहनों की कतार लग गई। हालांकि अभी आनलाइन गैस की सुविधा नहीं है। टैंकरों के माध्यम से सीएनजी उपलब्ध कराई जा रही है।

मुख्य महाप्रबंधक ने बताया कि ईरान-अमेरिका युद्ध के कारण सीएनजी का संकट पैदा हुआ। जिसके कारण नए स्टेशनों की प्रक्रिया अटक गई थी।गंगा एक्सप्रेसवे पर स्थापित होने वाले सीएनजी के दोनों नए स्टेशनों को भी इसी कारण भारत सरकार से अनुमति नहीं मिल सकी थी।

जुलाई महीने के प्रथम सप्ताह में यह अनुमति मिली तो अन्य औपचारिकताएं पूरी करने में समय लगा। यह क्षेत्र मेघा गैस को आवंटित है। उन्होंने बताया कि जल्द शाहजहांपुर के रेस्ट एरिया में भी सीएनजी उपलब्ध होगी। अब यहां आनलाइन सीएनजी सेवा शुरू कराने के लिए प्रयास किया जा रहा है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।