विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मेरठ-करनाल हाईवे पर दर्दनाक हादसा, ट्रक ने टेंपो को मारी टक्कर और 100 मीटर तक घसीटा; तीन लोगों की मौके पर मौत

Published: Mon, 12 Oct 2026 01:44 AM (IST)Updated: Mon, 12 Oct 2026 02:29 AM (IST)

मेरठ-करनाल हाईवे पर देर रात एक तेज रफ्तार ट्रक ने मालवाहक टेंपो को टक्कर मार दी, जिससे टेंपो सवार तीन ...और पढ़ें

मेरठ-करनाल हाईवे पर ट्रक ने टेंपो को मारी टक्कर। फोटो जागरण

मेरठ-करनाल हाईवे पर ट्रक ने टेंपो को मारी टक्कर। फोटो जागरण

HighLights

  1. मेरठ-करनाल हाईवे पर ट्रक-टेंपो की भीषण टक्कर।

  2. हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत।

  3. शटरिंग का सामान लेकर लौट रहे थे मृतक।

जागरण संवाददाता, मेरठ। मेरठ-करनाल हाईवे पर रविवार देर रात ग्राम दबथुवा में तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पार कर रहे मालवाहक टेंपो को टक्कर मार दी। हादसे में टेंपो पर सवार तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई।

वहां से गुजर रहा एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया। मालवाहक टेंपो में शटरिंग का सामान लदा था। एक युवक को ट्रक लगभग सौ मीटर तक घसीटता हुआ ले गया। उसके शरीर के चीथड़े उड़ गए। चालक ट्रक छोड़कर भाग निकला। मृतकों में एक इंटर कालेज का लिपिक है। हादसे के कारण हाईवे पर एक घंटे तक जाम लगा रहा।

दबथुवा निवासी 55 वर्षीय रमेश पुत्र हरपाल मुरादनगर स्थित किसान इंटर कालेज में लिपिक थे। वह शटरिंग का काम भी करते थे और घर पर ही सामान रखते थे। 47 वर्षीय सुशील पुत्र विजय और 30 वर्षीय अमर पुत्र मुखिया उनके यहां शटरिंग लगाने का काम करते थे। सुशील परचून की दुकान भी चलाते थे। रविवार रात लगभग पौने 11 बजे रमेश, सुशील और अमर के साथ शटरिंग का सामान लेकर गांव लौट रहे थे।

सौ मीटर तक घसीटा

जब वे सड़क पार कर रहे थे तभी मेरठ की ओर से तेज गति से आए एक ट्रक ने मालवाहक टेंपो में टक्कर मार दी और टेंपो को काफी दूर तक घसीटता हुआ ले गया। बुरी तरह कुचलने से रमेश, सुशील और अमर की मौत हो गई। अमर ट्रक के आगले हिस्से में फंसने के कारण सौ मीटर तक घिसटता चला गया।

चालक ने ट्रक रोका और फरार हो गया। इस दौरान वहां से गुजर रहे गांव के ही रोहित भी चपेट में आने से गंभीर रूप से घायल हो गए। एसपी देहात अभिजीत सिंह ने बताया कि ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।