विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरनगर में सड़क हादसा, डंपर से टक्कर के बाद खाई में गिरी स्कार्पियो, भाई-दो बहनों और भांजी समेत 4 की मौत

Published: Tue, 06 Oct 2026 02:04 AM (GMT+05:30)

मुजफ्फरनगर में पुरकाजी-लक्सर हाईवे पर डंपर और स्कार्पियो की भीषण टक्कर में एक ही परिवार के चार सदस्यों की मौत ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।

प्रतीकात्मक तस्वीर।

HighLights

  1. मुजफ्फरनगर में डंपर-स्कार्पियो टक्कर में चार लोगों की मौत।

  2. हरिद्वार से लौट रहे परिवार के सदस्य हादसे का शिकार।

  3. तीन घायल, डंपर चालक मौके से फरार हो गया।

जागरण संवाददाता, मुजफ्फरनगर। डंपर और स्कार्पियो की भिड़ंत में भाई, दो सगी बहनों और भांजी की मौत हो गई। वृद्धा सहित तीन लोग घायल हो गए। सभी लोग हरिद्वार से मौसा की जन्मदिन पार्टी से लौट रहे थे। पुलिस ने घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। बाद में उन्हें हायर सेंटर रेफर कर दिया गया।

49 वर्षीय लोहा कारोबारी आदेश गोयल, 40 वर्षीय पत्नी रूबी, 65 वर्षीय मां कुसुम देवी तथा बहन 36 वर्षीय निशा, निशा की 14 साल की बेटी श्रद्धा, छोटी बहन 30 वर्षीय राखी पत्नी मोहित व उसकी सात वर्षीय बेटी वैष्णवी सोमवार शाम स्कार्पियो गाड़ी में सवार होकर मौसा राधेश्याम के 75वें जन्मदिन की पार्टी में शामिल होने गए थे।

सभी रात लगभग 11 बजे मुजफ्फरनगर लौट रहे थे। पुरकाजी-लक्सर स्टेट हाईवे पर बढ़ीवाला में सोलानी नदी पुल के निकट सामने से आ रहे मिट्टी खनन के डंपर ने गाड़ी में टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कार्पियो पुल के निकट खाई में पलट गई। राहगीरों की सहायता से पुलिस ने खाई में पलटी गाड़ी से घायलों को बाहर निकाला।

खेत में पानी भरा होने के कारण बचाव कार्य में परेशानी हुई। पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी पुरकाजी में भर्ती कराया। यहां चिकित्सा प्रभारी डॉ. सुमित चौधरी ने आदेश, उसकी दोनों बहनों राखी, निशा और निशा की बेटी श्रद्धा को मृत घोषित कर दिया।

वृद्धा कुसुम देवी, रूबी और राखी की बेटी वैष्णवी को हायर सेंटर रेफर कर दिया। हादसे के बाद डंपर भी कुछ दूर जाकर पलट गया, लेकिन उसका चालक फरार हो गया। एक साथ चार मौत से स्वजन में कोहराम मच गया। 25 नवंबर को आदेश के बेटे तुषार की शादी तय है। एसडीएम प्रवीण कुमार द्विवेदी भी मौके पर पहुंचे।

यह भी पढ़ें- कैप्टन स्मित मच्छार के जल्‍द स्वास्थ्य लाभ के लिए शुकतीर्थ में हुई विशेष गंगा आरती