विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मुजफ्फरनगर के तितावी में हेड कांस्टेबल को बदमाशों ने मारी गोली और साथी को छुड़ा ले गए

By Rashid Ali Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sun, 25 Oct 2026 12:48 PM (IST)

मुजफ्फरनगर के तितावी में चेकिंग के दौरान हेड कांस्टेबल अजीत को बदमाशों ने गोली मार दी, जब उन्होंने एक बदमाश ...और पढ़ें

मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में हेट कांस्टेबल को गोली लगने की घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसएसपी सूरज कुमार राय। वीडियो ग्रैब

मुजफ्फरनगर के तितावी थाना क्षेत्र में हेट कांस्टेबल को गोली लगने की घटना के बाद मौके पर पहुंचे एसएसपी सूरज कुमार राय। वीडियो ग्रैब 

HighLights

  1. चेकिंग के दौरान एक बदमाश को पकड़ा था, दूसरे बदमाश ने मारी गोली

  2. हालत खतरे से बाहर, पुलिस की आठ टीमें कर रही हैं बदमाशों की तलाश

संवाद सहयोगी, जागरण. मुजफ्फरनगर : चेकिंग के दौरान तितावी थाने की जसोई पुलिस चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल अजीत को बदमाशों ने गोली मार दी। हेड कांस्टेबल ने एक बदमाश को पकड़ लिया था। साथी को छुड़ाने के लिए दूसरे बदमाश ने गोली मारी थी। मौके से तीनों बदमाश भाग गए। घायल हेड कांस्टेबल को आनंद अस्पताल में भर्ती कराया गया है। एसएसपी सूरज कुमार राय ने बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए एसओजी सहित पुलिस की आठ टीमें लगाई हैं।

पुलिस चौकी पर तैनात हेड कांस्टेबल अजीत अपने साथी सिपाही राहुल, विपिन, विशाल व प्रिंस के साथ प्राइवेट कार में पीपलशाह छतैला नहर के पास चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान स्मैक लेकर एक तस्कर के आने की सूचना मिली। हेड कांस्टेबल अजीत कार के पास मौजूद रहे, जबकि अन्य चारों सिपाही चंद कदमों की दूरी पर खड़े होकर तस्कर के आने का इंतजार करने लगे। इसी दौरान ईख के खेत से एक बदमाश निकला और हेड कांस्टेबल को देखकर खेत में घुसने लगा।

हेड कांस्टेबल ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। तभी खेत से दो और बदमाश आए और साथी को छुड़ाने के लिए गोली चला दी जो हेड कांस्टेबल के बाएं हाथ की बगल के नीचे लगी और पार निकल गई। तीनों बदमाश भाग गए। एसएसपी, एसपी देहात अक्षय संजय महाडीक मौके पर पहुंचे और जानकारी ली। एसएसपी ने बताया कि हेड कांस्टेबल की हालत खतरे से बाहर है। घायल हेड कांस्टेबल हापुड के गांव सिंभावली के निवासी है। वर्तमान में चौकी परिसर में बने आवास में रहते हैं।