यमुना एक्सप्रेसवे पर भीषण हादसा, तेज रफ्तार ट्राले की टक्कर से कार सवार 4 लोगों की मौत
यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार रात एक तेज रफ्तार ट्राले ने क्रैश बीम बैरियर तोड़कर दूसरी तरफ से आ रही कार ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
तेज रफ्तार ट्राले ने क्रैश बीम बैरियर तोड़ा।
कार सवार पिता-पुत्र सहित चार की मौत।
हादसे के बाद एक्सप्रेसवे पर लंबा जाम लगा।
जागरण संवाददाता, ग्रेटर नोएडा। यमुना एक्सप्रेसवे पर रविवार रात तेज रफ्तार ट्राले ने क्रैश बीम बैरियर तोड़कर दूसरी तरफ जा रही कार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए। हादसे में कार सवार पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। मृतकों में चालक भी शामिल है।
पुलिस के मुताबिक, दिल्ली की तरफ से आगरा की ओर जा रहा तेज रफ्तार ट्राला 36 किमी साबौता इंटरचेंज के समीप यमुना एक्सप्रेसवे के मध्य में लगे क्रैश बीम बैरियर को तोड़कर दूसरी तरफ पहुंच गया और आगरा से दिल्ली की तरफ आ रही बलेनो कार को घसीटते एक बाइक व छोटा हाथी वाहन से टकरा गया।
हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार चारों लोग अंदर फंस गए। पुलिस और एक्सप्रेसवे की सुरक्षा टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला। घायलों को जेवर स्थित कैलाश अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने महाराजगंज निवासी विकास गुप्ता, डीएन पांडेय व उनके पुत्र आयुष पांडेय और धौलपुर राजस्थान निवासी चालक विजय सिंह निवासी के रूप में हुई है।
पुलिस ने शवों को अस्पताल में सुरक्षित रखवाते हुए मृतकों के स्वजन को घटना की जानकारी दी है। वहीं, हादसे के बाद आगरा से दिल्ली की तरफ जाने वाली एक्सप्रेसवे की सभी लेन प्रभावित हो गईं।
दुर्घटनाग्रस्त वाहनों के बीच सड़क पर फंसे रहने से वाहनों की लंबी कतार लग गई और कई किलोमीटर तक जाम की स्थिति बनी रही। पुलिस ने क्रेन की मदद से हादसाग्रस्त वाहनों को हटवाया। रात करीब 12 बजे के बाद यातायात सामान्य हो सका।
