धीरेन्द्र शास्त्री का वृंदावन जाने का एलान, मांगेंगे माफी; कुंडा रामकथा में राजा भैया को सराहा
धीरेन्द्र शास्त्री ने घोषणा की है कि वे जल्द वृंदावन जाकर भक्तों से माफी मांगेंगे, यदि उनके बयानों से किसी को ठेस पहुंची हो।

मंगलवार को कुंडा के बेंती में रामकथा कहते बागेश्वर पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री।
HighLights
शास्त्री जल्द वृंदावन जाकर भक्तों से माफी मांगेंगे।
कुंडा रामकथा में राजा भैया की सनातन निष्ठा सराही।
मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि के गौरव की वकालत की।
गुरुदीप त्रिपाठी, प्रतापगढ़। कुंडा की रामकथा के मंच से धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कहा कि बहुत जल्द वृंदावन जाएंगे हम। आप लोग भी मथुरा चलना। वृंदावन हम सिर्फ इसलिए जाएंगे कि यदि किसी भक्त को क्षोभ हुआ है तो माफी मांगेंगे। समय आ गया है।
चार दिवसीय कथा में बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर आचार्य धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री मंगलवार को कथा के साथ सनातन व मथुरा में कृष्ण जन्मभूमि को उसका गौरव दिलाने की खुलकर वकालत की। कहा कि राम और श्याम में कोई अंतर नहीं है।
उन्होंने वायरल वीडियो पर माफी मांगने के बारे में स्पष्ट किया कि हमने क्षमा भक्तों के लिए मांगी। आशंका थी कि कहीं हमारे हिंदू आपस में टकरा न जाएं। हिंदुओं के लिए क्षमा एक बार नहीं, 100 बार मांगना पड़े तो मांग लेंगे।
हर जिले में एक राजा भैया हो: धीरेंद्र शास्त्री
बागेश्वर पीठाधीश्वर ने कहा कि मुंह पर बड़ाई नहीं करनी चाहिए, लेकिन हर जिले में एक राजा भैया होना चाहिए। सनातन के लिए कहने वाले तो बहुत हैं, पर लड़ने वाले नहीं हैं। राजा तन-मन-धन और गन से भी सनातनी हैं। बाकी समझदार को इशारा काफी है।
धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने कथा के फायदे गिनाए- जो कथा सुनता है, उसके विकार मिट जाते हैं। कथा सुनने वालों की मति ठीक होती है और गति बढ़िया, फिर अंत में सद्गति होती है। कथा में कोई आए या न आए, हनुमान जी जरूर आते हैं। इस कथा में भी हनुमान जी बैठे हैं। कथा होती है उससे हिंदू एकता जरूर होती है। तीनों पंडालों में क्या यदुवंशी, क्या रघुवंशी, सब एक जगह बैठकर कथा सुन रहे हैं। यही तो राम कथा का मंतव्य है, यही सार्थकता है। उन्होंने बार-बार कहा कि यह कथा चुनावी या राजनीतिक मकसद से नहीं है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।