एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती के 3 विषयों का डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन 25 सितंबर से, आयोग ने जारी किया शेड्यूल
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सहायक अध्यापक (एलटी ग्रेड) भर्ती-2025 के विज्ञान, वाणिज्य और कृषि/उद्यानकर्म विषयों के सफल ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक तस्वीर।
HighLights
यूपीपीएससी ने एलटी ग्रेड शिक्षक भर्ती अभिलेख सत्यापन तिथि घोषित की।
विज्ञान, वाणिज्य, कृषि विषयों का सत्यापन 25 व 26 सितंबर को होगा।
अभ्यर्थी 23 सितंबर से आयोग वेबसाइट पर विस्तृत जानकारी प्राप्त करें।
राज्य ब्यूरो, प्रयागराज। उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग (यूपीपीएससी) ने सहायक अध्यापक, प्रशिक्षित स्नातक श्रेणी (पुरुष/महिला शाखा) परीक्षा-2025 में विभिन्न विषयों के सफल अभ्यर्थियों के अभिलेख सत्यापन की प्रक्रिया की तिथि घोषित कर दी है। सफल अभ्यर्थियों का अभिलेख सत्यापन और मिलान 25 व 26 सितंबर को आयोग कार्यालय के सरस्वती भवन में कराया जाएगा।
सहायक अध्यापक विज्ञान, वाणिज्य तथा कृषि/उद्यानकर्म विषयों में एक और 18 सितंबर को आयोजित परीक्षाओं के आधार पर अभ्यर्थियों को प्राविजनल रूप से सफल घोषित किया गया है। अब इन अभ्यर्थियों की शैक्षिक योग्यता, आरक्षण, प्रमाणपत्र और अन्य अभिलेखों का सत्यापन किया जाएगा। 25 सितंबर को विज्ञान विषय के पुरुष अभ्यर्थियों के चयन क्रमांक 001 से 104 तक के अभ्यर्थियों का सत्यापन होगा।
इनमें चयन क्रमांक 001 से 065 तक के अभ्यर्थियों को सुबह 9:30 बजे से दोपहर एक बजे तक तथा 066 से 104 तक के अभ्यर्थियों को दोपहर 1:30 से शाम पांच बजे तक बुलाया गया है। इसी दिन विज्ञान विषय की महिला शाखा के चयन क्रमांक 001 से 025 तक के अभ्यर्थियों का भी अभिलेख सत्यापन दोपहर की पाली में होगा।
26 सितंबर को वाणिज्य विषय के पुरुष अभ्यर्थियों के चयन क्रमांक 001 से 035 तथा महिला अभ्यर्थियों के चयन क्रमांक 001 से 023 तक के अभ्यर्थियों का सत्यापन कराया जाएगा। इसी दिन कृषि/उद्यानकर्म (पुरुष) विषय के चयन क्रमांक 001 से 014 तक के अभ्यर्थियों को भी अभिलेख सत्यापन के लिए बुलाया गया है।
इन अभ्यर्थियों का सत्यापन सुबह 9:30 बजे से दोपहर एक बजे तक होगा। आयोग ने स्पष्ट किया है कि संबंधित विषयों में सफल घोषित अभ्यर्थी 23 सितंबर से आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध निर्देशों और संबंधित विज्ञापन के माध्यम से अभिलेख सत्यापन की आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।
