'हर रात खुदा से मांगता था मौत की भीख, पर वो भी रूठी रही...', जेल की अंधेरी रातों को याद कर भावुक हुए आजम खां
आजम खां ने मुलायम सिंह यादव की जयंती पर जेल के अपने अनुभवों को साझा करते हुए कहा कि उन्हें बदला नहीं, बल्कि इंसाफ चाहिए। उन्होंने जेल में हर रात मौत मांगने और छात्रों व किसानों की आत्महत्याओं पर चिंता व्यक्त की।

पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव की जयंती पर हुए कार्यक्रम में बोलते आजम खां। स्रोत. इंटरनेट मीडिया
HighLights
सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती पर रखी अपनी बात
जागरण संवाददाता, रामपुर। आजम खां ने कहा कि बदला तो नहीं लेना चाहिए, बदला घटिया और कमतर लोग लेते हैं, हमें बस इंसाफ चाहिए। ये बात उन्होंने सपा संस्थापक मुलायम सिंह यादव की जयंती के कार्यक्रम में पत्रकारों से बात करते हुए कही। इस दौरान उन्होंने जेल में अपने साथ जुल्म और ज्यादती किए जाने के आरोप भी लगाए।
रविवार को जेल रोड स्थित सपा कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में आजम खां ने मुलायम सिंह के चित्र पर पुष्प अर्पित किए। इसके बाद उन्हें याद करते हुए कहा कि एक ऐसे अजीम शख्स के पैदा होने की खुशी और उनके चले जाने का गम है।
कहा कि अपने मालिक से दुआ करें कि आने वाला कल बीते हुए कल से बेहतर होना चाहिए। बिना किसी दल का नाम लिए कहा कि जो लोग आपसे आजादी छीनना चाहते हैं, उनके मंसूबे कामयाब नहीं होने देने देंगे।
कहा कि वे लोग भी परिवर्तन के लिए तैयार हों जो पापियों के साथ रहकर बहुत दुखी हैं। जेल की अंधेरी कोठरी में बीती हर एक रात किसी इंसान को भीतर ही भीतर तोड़ देती है।
कहा कि जेल में हर रात वे खुदा से मौत की भीख मांगते थे, पर मौत भी उनसे रूठी रही और हर शाम बस इसी अनजान डर के साथ सोते थे कि न जाने अगली सुबह कौन-सी भारी खबर लेकर आएगी।
उन्होंने देश के बेरोजगार युवाओं की बेबसी और आत्महत्या करते किसानों के बारे में भी बात की। कहा जब वह गाजियाबाद जेल में थे तब हर रोज अखबार में बड़ी-बड़ी परीक्षाओं की तैयारी करने वाले बच्चों के आत्महत्या की खबरें पढ़ते थे।
सवाल उठाया कि क्या ऐसे ही देश तरक्की करेगा। इससे पूर्व आजम खां ने एक समाचार चैनल को दिए साक्षात्कार में कहा कि वह रामपुर विकास प्राधिकरण की ओर से विश्वविद्यालय के भवनों के ध्वस्तीकरण के मामले में अपनी अपील वापस ले लेंगे। प्राधिकरण से कहेंगे वह उन्हें जमींदोज कर दें। हम बच्चों को खुले आसमान तले पढ़ा लेंगे।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।