विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोने के दाम गिरने से बढ़ी गोल्ड लोन लेने वालों की टेंशन! बैंक भेज रहे नोटिस, जानें क्या है बचने का तरीका

Published: Fri, 27 Nov 2026 07:22 AM (IST)

सोने के दाम गिरने से गोल्ड लोन लेने वालों की चिंता बढ़ गई है, क्योंकि गिरवी रखे सोने की कीमत कम होने से लोन-टू-वैल्यू (LTV) अनुपात बढ़ गया है। बैंक और एनबीएफसी ग्राहकों को अतिरिक्त धनराशि जमा करने या सोना गिरवी रखने के लिए नोटिस भेज रहे हैं।

एआई इमेज

एआई इमेज

HighLights

  1. ग्राहकों को मैसेज और काल के माध्यम से सचेत कर रहे बैंक और एनबीएफसी

सौरभ सक्सेना, चंदौसी (संभल)। सोने के दामों में आ रही गिरावट से महंगे सोने पर गोल्ड लोन ले चुके लोगों के पसीने छूटने लगे हैं। घरेलू बाजार में सोना 11 महीने में 1.80 लाख प्रति दस ग्राम के उच्चतम स्तर से घटकर करीब 1.25 लाख आ गया है। इस गिरावट से लोन के मुकाबले गिरवी रखे गए सोने की कीमत का अनुपात या एलटीवी (लोन-टू-वैल्यू) बढ़ गया है।

बैंक और एनबीएफसी (गैर-बैंकिंग वित्तीय कंपनी) ने लोन लेने वालों से मैसेज और काल के माध्यम से सचेत करना शुरू कर दिया है। ऐसे में ग्राहकों को और धनराशि जमा करनी पड़ सकती है।

आरबीआइ के नियमों के तहत, बैंक और एनबीएफसी गिरवी रखे गए सोने की कुल कीमत का अधिकतम 75 प्रतिशत तक ही लोन दे सकते हैं। दोनों ही फिक्स दरों पर ब्याज देते हैं, हालांकि दोनों की दरों में अंतर होता है।

सरकारी बैंकों की दर निर्धारित होती हैं वहीं एनबीएफसी लोन की रकम के अनुसार ब्याज तय करती हैं। जितना ज्यादा लोन होता है, उतनी ब्याज दर कम होती है। यह 9.5 से 18 प्रतिशत तक हो सकती है।

ऐसे समझें, क्या है एलटीवी

मान लीजिए किसी ग्राहक ने 1.80 लाख प्रति 10 ग्राम के भाव पर 100 ग्राम सोना (कुल कीमत 18 लाख) गिरवी रखकर 75 प्रतिशत एलटीवी के हिसाब से 13.50 लाख का लोन लिया।

अब उस 100 ग्राम सोने की कीमत घटकर 12.50 लाख रह गई है। नियम के अनुसार इस सोने पर अधिकतम 9.37 लाख का ही लोन बनना चाहिए।

इस स्थिति में ग्राहक को करीब 4.13 लाख के साथ बकाया ब्याज बैंक को देना होगा। यदि ग्राहक लोन को पूरी तरह बंद करना चाहता है, तो उसे 13.50 लाख और ब्याज चुकाना होगा।

ये कर सकते हैं ग्राहक

विशेषज्ञों के अनुसार, यदि ऐसी स्थिति आती है तो ग्राहक अपने लोन का मासिक या त्रैमासिक ब्याज समय पर चुकाते रहें, ताकि खाता डिफाल्ट की श्रेणी में न जाए।

यदि अतिरिक्त नकदी है, तो मूलधन का कुछ हिस्सा जमा करके लोन की राशि कम कर लें। बैंक या एनबीएफसी की ओर से आने वाले किसी भी मैसेज या नोटिस को नजरअंदाज न करें।

क्या कहते हैं एक्सपर्ट

ऊंचे दाम पर गिरवी रखे सोने की कीमत कम हो गई है और लोन की राशि ज्यादा बैठ रही है, इसलिए बैंक और फाइनेंस कंपनियां अपना जोखिम कम करने के लिए ग्राहकों से बीच की बकाया रकम जमा करने को कह रही हैं। पहले नोटिस आदि की प्रक्रिया होगी। यदि ग्राहक तय समय पर धनराशि जमा नहीं करता है तो नीलामी हो सकती है। - सचिन राठौर, बिजनेस पार्टनर, मोतीलाल ओसवाल

ग्राहक को एसएमएस, काल और नोटिस के जरिए सूचित किया जा रहा है। ग्राहक या तो अंतर की राशि जमा करे, या फिर गिरवी के तौर पर थोड़ा और सोना जमा कराए। नीलामी अंतिम विकल्प होता है। हालांकि, नीलामी से पहले ग्राहक को 90 दिन का समय अंतिम चेतावनी नोटिस दिया जाता है। - मोहम्मद शोएब, ब्रांच मैनेजर, आइआइएफएल

यह भी पढ़ें- सरकारी सब्सिडी और तकनीक भी, खेती संग मछली पालन से बढ़ रही किसानों की आमदनी; यूपी का संभल बना नया हब


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।