राज्यसभा सांसद संजय सिंह की बढ़ीं मुश्किलें, कोर्ट में पेश ना होने पर जारी हुआ गैर-जमानती वारंट
संतकबीर नगर की मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट अदालत ने राज्यसभा सदस्य संजय सिंह के खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी किया है। यह कार्रवाई 24 नवंबर को उनकी अनुपस्थिति और उन्मोचन व माफी प्रार्थना पत्रों के खारिज होने के बाद हुई।

राज्यसभा सदस्य संजय सिंह। फोटो- सोशल मीडिया
HighLights
राज्यसभा सांसद संजय सिंह के खिलाफ वारंट जारी।
संतकबीर नगर कोर्ट में पेश न होने पर कार्रवाई।
आपत्तिजनक बयान मामले में सुनवाई में देरी का आरोप।
जागरण संवाददाता, संतकबीर नगर। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट चेतना त्यागी की अदालत ने 24 नवंबर को निर्धारित तारीख पर व्यक्तिगत रूप से उपस्थित नहीं होने पर राज्यसभा सदस्य संजय सिंह के विरुद्ध गैर जमानती वारंट जारी किया है। अदालत ने उनका उन्मोचन प्रार्थना पत्र और गैरहाजिरी माफी प्रार्थना पत्र भी खारिज कर दिया।
विशेष लोक अभियोजक अच्युतानंद शुक्ला ने बताया कि बखिरा थाना क्षेत्र के बभनी गांव निवासी सामाजिक कार्यकर्ता राधेश्याम मौर्य ने थाने में प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया था कि 12 अगस्त, 2020 को राज्यसभा सदस्य संजय सिंह ने अपने सहयोगी सभाजीत सिंह और व्रज कुमारी के साथ प्रेसवार्ता के दौरान आपत्तिजनक बयान दिए थे। आरोप है कि इन बयानों से समाज में कटुता फैलाने का प्रयास किया गया और संवैधानिक मर्यादाओं का पालन नहीं किया गया।
इस मामले में संजय सिंह की ओर से उन्मोचन प्रार्थना पत्र दाखिल किया गया था। उनकी अनुपस्थिति के संबंध में गैरहाजिरी माफी का प्रार्थना पत्र भी दिया जा रहा था। मुकदमे में अभी तक आरोप तय नहीं हो सके थे, जिससे सुनवाई की प्रक्रिया में विलंब हो रहा था।
यह भी पढ़ें- कानपुर एक्सप्रेस पर पत्थरबाजी, 12 यात्री घायल; जूही आउटर के पास ट्रेन पर हुआ पथराव
निर्धारित तारीख पर व्यक्तिगत उपस्थिति नहीं होने के कारण अदालत ने दोनों प्रार्थना पत्र खारिज करते हुए गैर जमानती वारंट जारी कर दिया।