विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोते समय बिस्तर पर चढ़ा सांप, पिता-पुत्र को डसा; तीन साल के बच्‍चे की मौत

By Abhishek Kaushik Edited By: Praveen Vashishtha
Updated: Sat, 22 Aug 2026 06:40 AM (IST)

शामली के थानाभवन में सोते समय सांप ने पिता-पुत्र को डसा, जिससे तीन वर्षीय मासूम शावेज की मौत हो गई। पिता जावेद की हालत फिलहाल स्थिर है।

प्रतीकात्‍मक फोटो

 प्रतीकात्‍मक फोटो

HighLights

  1. शामली के थानाभवन क्षेत्र का मामला, उपचार के बाद पिता की स्थिति में सुधार

  2. बच्चे को रात में भर्ती नहीं कराया, सुबह हालत बिगड़ने पर हुई जानकारी

संवाद सूत्र, थानाभवन (शामली)। इन दिनों जिले में सांप के डसने की घटनाओं ने लोगों में दहशत पैदा कर रखी है। थानाभवन क्षेत्र में मकान में सोते समय पिता-पुत्र को सांप ने डस लिया। हालत बिगड़ने पर तीन वर्षीय बच्चे की मौत हो गई, जबकि उसके पिता की हालत फिलहाल ठीक है। बच्चे की मौत से स्वजन में कोहराम है।

यह भी पढ़ें- सोते समय किशोर को सांप ने डसा, पीड़ित के साथ सांप को भी अस्पताल ले गए स्वजन... किशोर की हालत बिगड़ी

मूल रूप से थानाभवन क्षेत्र के गांव भैंसानी इस्लामपुर निवासी जावेद पुत्र लिल्ला वर्तमान में कई वर्षों से थानाभवन नगर पंचायत कार्यालय के पास स्थित कश्यावान कालोनी में परिवार के साथ रहते हैं। गुरुवार रात जावेद अपने तीन वर्षीय पुत्र शावेज के साथ सो रहे थे। रात करीब तीन बजे सांप बिस्तर पर चढ़ गया और उसने पिता व पुत्र दोनों को काट लिया।

हालांकि बच्चे के रोने पर पिता ने पहले समझा कि वह नींद में डर गया है। स्वजन तुरंत जावेद को लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) थानाभवन पहुंचे। चिकित्सकों ने सर्पदंश की पुष्टि करते हुए एंटी वेनम का इंजेक्शन लगाया और प्राथमिक उपचार दिया। स्थिति में सुधार होने पर सुबह करीब छह बजे जावेद को घर भेज दिया गया।

यह भी पढ़ें- महिला से बना दिया 'किन्नर', आधार कार्ड की एक गलती बेटी की 'पहचान' पर भारी; जेंडर गलत होने से एडमिशन भी अटका 

घर पहुंचने पर स्वजन को जानकारी हुई कि तीन वर्षीय बालक शावेज को भी सांप ने काटा है। इसके बाद बालक को सुबह करीब सात बजे सीएचसी लाया गया। स्वजन के अनुसार जावेद को पैर में और बच्चे को कमर के पास सांप ने काटा था। बच्चे की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे जिला अस्पताल शामली रेफर कर दिया। स्वजन उसे निजी चिकित्सक के पास भी ले गए, जहां चिकित्सक ने बालक को मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें- 'चोर भाइयों! सामान मत चुराओ, नकद ले जाओ': शामली में पुलिस की नाकामी से आहत लाचार किसान चोरों से मांग रहे 'रहम'