शामली में एयर टैंक फटने से पंक्चर कारीगर की मौत, 500 मीटर दूर तक सुनाई दी धमाके की आवाज
शामली में ट्रैक्टर के हवा टैंक में अत्यधिक दबाव के कारण हुए धमाके से 18 वर्षीय पंक्चर कारीगर नवाब की मौत हो गई। ...और पढ़ें

झिंझाना मेरठ करनाल हाईवे पर वह दुकान जहां टंकी में विस्फोट हुआ
HighLights
ट्रैक्टर के हवा टैंक फटने से कारीगर नवाब की मौत।
धमाका इतना तेज था कि टैंक 50 फीट ऊपर उछल गया।
परिजनों ने पुलिस कार्रवाई से इनकार कर शव दफनाया।
संवाद सूत्र, शामली। ट्रैक्टर में हवा भरने के दौरान टैंक अधिक प्रेशर होने के कारण फट गया, जिससे कार्य कर रहे कारीगर की मौत हो गई। धमाका इतना तेज था कि पांच सौ मीटर दूर तक आवाज सुनाई दी और 50 फीट ऊंचाई पर हवा का टैंक उछल गया था। सूचना पर पुलिस और स्वजन मौके पर पहुंचे। स्वजन ने बिना किसी कानूनी कार्रवाई के शव को सिपुर्द-ए-खाक कर दिया।
झिंझाना कस्बा निवासी 18 वर्षीय नवाब पुत्र मुशीर उर्फ पटवारी अपने भाइयों के साथ हाईवे किनारे पंक्चर की दुकान चलाता था। शुक्रवार को वह रोजाना की तरह दुकान पर आने वाले वाहनों के टायरों में हवा भरने और पंक्चर जोड़ने का काम कर रहा था।
शुक्रवार देर शाम ट्रैक्टर के पहिए में हवा भरने के दौरान हवा के टैंक में अचानक क्षमता से अधिक प्रेशर बनने से धमाका हो गया। आवाज सुनते ही हाईवे पर आवाजाही कर रहे लोग डर गए और देखते ही देखते घटनास्थल पर राहगीरों व स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर बड़ी संख्या में ग्रामीण और स्वजन पहुंच गए। तब तक नवाब की मौत हो चुकी थी। जवान बेटे की असमय मौत से मां-बाप और भाई-बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्वजन ने मामले में पुलिस कार्रवाई कराने से इनकार कर दिया और देर रात ही गमगीन माहौल में शव को सिपुर्द-ए-खाक कर दिया। नवाब अविवाहित था, और अपने छह भाई-बहनों में चौथे नंबर पर था। उधर, थाना प्रभारी ने बताया कि इस संबंध में स्वजन पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई।
खबरें और भी
इन बातों का रखना चाहिए ध्यान
ऑटोमैटिक कट-ऑफ स्विच की जांच
हवा के टैंक में प्रेशर कट-ऑफ स्विच सही से काम कर रहा है या नहीं, इसे रोजाना चेक करें। कट-ऑफ खराब होने पर टैंक में जरूरत से ज्यादा हवा भर जाती है और वह फट जाता है।
सेफ्टी वाल्व चालू रखें
टैंक में सेफ्टी वाल्व हमेशा चालू अवस्था में होना चाहिए। जब प्रेशर अत्यधिक बढ़ता है, तो यह वाल्व अपने आप खुलकर अतिरिक्त हवा बाहर निकाल देता है।
पानी की निकासी
कंप्रेशर के अंदर हवा के साथ नमी (पानी) जम जाती है, जिससे अंदर से लोहे में जंग लगने लगता है और टैंक कमजोर हो जाता है। इसलिए टैंक के नीचे लगे ड्रेन काक को रोज खोलकर जमी हुई नमी और पानी जरूर बाहर निकालें।
समय-समय पर हो टेस्टिंग
पुराने या जंग लगे एयर टैंक का इस्तेमाल तुरंत बंद कर दें। समय-समय पर कुशल तकनीशियन से टैंक की मोटाई और उसकी मजबूती की जांच कराएं।
यह भी पढ़ें- शामली के 10वीं के छात्र ने बनाया कमाल का App, घर के कचरे से उपयोगी सामान बनाना सिखाएगा 'जुगाड़िफाई'