पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर हादसा: गुरुग्राम से बिहार जा रही बस को ट्रक ने मारी टक्कर, 3 लोगों की मौत
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बल्दीराय थाना क्षेत्र में एक भीषण सड़क हादसे में गुड़गांव से बिहार जा रही बस को ट्रक ...और पढ़ें
HighLights
पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर बस-ट्रक की भीषण टक्कर हुई।
हादसे में तीन यात्रियों की दुखद मौत, ग्यारह घायल।
सीएम योगी ने घटना पर दुख जताया, जांच के आदेश।
जागरण संवाददाता, सुलतानपुर। पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर गुरुवार भोर बल्दीराय थाना क्षेत्र में माइलस्टोन 96 के पास गुरुवार सुबह भीषण सड़क हादसा हो गया।
गुरुग्राम से बिहार जा रही सवारियों से भरी बस में पीछे से तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बस सवार तीन यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए। घायलों में कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे पर सीएम योगी ने दुख जताया है।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री बस के अंदर फंस गए। सूचना मिलते ही एसडीएम प्रभात सिंह, सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार और थानाध्यक्ष महेंद्र प्रताप सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकलवाया और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बल्दीराय भेजा।
हादसे में तीन यात्रियों की मौत
चिकित्सकों ने तीन यात्रियों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों की पहचान श्याम लाल मंडल (28), विनोद मंडल पुत्र खुशन मंडल, निवासी जलदार कॉम्प्लेक्स, तेनपुरी झुंडसा, गुरुग्राम, हरियाणा तथा किरन देवी पत्नी माहेश्वरी मंडल (46), निवासी लक्ष्मीपुर, थाना कुमारखंड, जिला मधेपुरा, बिहार के रूप में हुई है। पुलिस ने तीनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

हादसे के बाद मची अफरातफरी
हादसे के बाद पूर्वांचल एक्सप्रेसवे पर काफी देर तक अफरातफरी का माहौल रहा। पुलिस ने राहत एवं बचाव कार्य के साथ यातायात व्यवस्था को भी संभाला। घायलों का सीएचसी बल्दीराय में उपचार कराया जा रहा है। सीओ बल्दीराय आशुतोष कुमार ने तीन यात्रियों की मौत और 11 लोगों के घायल होने की पुष्टि की है।

सीएम योगी ने जताया दुख
सीएम योगी ने हादसे का संज्ञान लिया है। मुख्यमंत्री ने मृतकों के शोक संतप्त परिजन के प्रति संवेदना की व्यक्त की। साथ ही अधिकारियों को घायलों का समुचित उपचार करवाने हेतु निर्देश दिए हैं। सीएम ने परिजनों से संवाद कर हर संभव सहायता उपलब्ध करवाने हेतु भी निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।
