फाइल में फंसी उन्नाव की रफ्तार! 6 महीने से लटका है सड़कों के चौड़ीकरण का 14.44 अरब रूपये का प्रस्ताव
उन्नाव जिले में 36 सड़कों के चौड़ीकरण और नवनिर्माण का 14.44 अरब रुपये का प्रस्ताव छह माह से शासन में लंबित है।

उन्नाव-लालगंज हाइवे। स्रोत- इंटरनेट
HighLights
उन्नाव में 36 सड़कों के चौड़ीकरण का प्रस्ताव लंबित।
परियोजना के लिए 14.44 अरब रुपये का बजट प्रस्तावित।
557 किमी सड़कें चौड़ी होंगी, 12 लाख को लाभ।
जागरण संवाददाता, उन्नाव। जिले की 36 सड़कों को चौड़ा करने और नवनिर्माण का प्रस्ताव छह माह से शासन में लंबित है। लोक निर्माण विभाग ने जून 2026 में कार्ययोजना भेजकर इसके लिए करीब 14.44 अरब रुपये के बजट की मांग की थी। अब तक प्रस्ताव को स्वीकृति नहीं मिली है। हालांकि विभाग को जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है।
कुल 557 किलोमीटर लंबी इन सड़कों की चौड़ाई सात से 14 मीटर तक करने का प्रस्ताव है। फिलहाल ये मार्ग साढ़े तीन, पांच और सात मीटर चौड़े हैं। संकरी सड़कों के कारण कई जगह जाम की स्थिति बनती है। योजना के अनुसार, साढ़े तीन मीटर चौड़े मार्गों को सात मीटर और पांच व सात मीटर चौड़ी सड़कों को 10 से 14 मीटर तक चौड़ा किया जाएगा। चौड़ीकरण के साथ इनका नवनिर्माण भी प्रस्तावित है।
योजना से करीब 12 लाख लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलने की उम्मीद है। शासन के निर्देश पर जनप्रतिनिधियों से मिले प्रस्तावों और विभागीय सर्वे के आधार पर सड़कों की सूची बनाई गई है। इसमें राजमार्ग, अन्य जिला मार्ग और ग्रामीण सड़कें शामिल हैं।
कुछ मार्ग तहसीलों को जिला मुख्यालय से जोड़ते हैं, जबकि कुछ दो क्षेत्रों के बीच संपर्क का जरिया हैं। प्रांतीय खंड के एक्सईएन हरदयाल अहिरवार ने बताया कि 36 सड़कों की चौड़ीकरण कार्ययोजना अनुमोदन और बजट के लिए शासन को भेजी गई है। स्वीकृति मिलने के बाद काम आगे बढ़ेगा।
चौड़ा किए जाने के लिए प्रस्तावित प्रमुख मार्ग
नेशनल हाईवे 27 से सराय कटियान, मैता, बरिगवां होते हुए मोहद्दीनपुर; चमरौली-बिछिया; हुसैननगर-जमुका-पड़री; मोहनलालगंज-मौरावां-उन्नाव; मौरावां-बछरावां-महराजगंज-निगोहा; बिलग्राम-उन्नाव-प्रयागराज; मंधना-गंगा बैराज-शुक्लागंज-पुरवा-मोहनलालगंज; रऊ चौराहे से इसुनिया होते हुए परियर; थाना पुलिया-मुर्तजानगर वाया पवई; पुरवा-मिर्रीकला-भगवंतनगर-दूधीकगार; पाटन-बिहार बक्सर; भगवंतनगर बारा-इंदेमऊ और ओसिया-पिपरासर व असोहा-बनी मार्ग शामिल हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।