वाराणसी के पूर्व सांसद राजेश मिश्र के पोस्टर से कयासबाजी, सत्ता पक्ष और विपक्ष के खेमे में चर्चा तेज
पूर्व सांसद डॉ. राजेश मिश्र के फेसबुक पर '77 लोकसभा क्षेत्र वाराणसी' पोस्टर डालने से राजनीतिक हलचल तेज हो गई ...और पढ़ें

वाराणसी के पूर्व सांसद राजेश मिश्र के डिजिटल पोस्टर से राजनीतिक कयासबाजी तेज।
HighLights
राजेश मिश्र ने फेसबुक पर लोकसभा चुनाव का पोस्टर डाला।
उन्होंने मीडिया से कहा, "मैं लोकसभा चुनाव लड़ूंगा।"
पोस्टर से वाराणसी की राजनीति में हलचल बढ़ गई।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। पूर्व सांसद डा. राजेश मिश्र ने अपने फेसबुक एकाउंट पर एक पोस्टर डाला है। इस पर '77 लोकसभा क्षेत्र वाराणसी' लिखा है। ऊपर कमल के फूल का निशान लगाते हुए नीचे अपना नाम डा. राजेश मिश्र, पूर्व सांसद, वाराणसी लिखा। इसे लेकर राजनीतिक कयासबाजी शुरू हो गई है।
इसके अलग-अलग मायने निकालते हुए आगामी चुनावी राजनीति से जोड़कर देखा जा रहा है। हालांकि इसको लेकर जागरण ने उनसे संपर्क करने की कोशिश की तो दोनों फोन उनके बंद थे।
दरअसल डा. राजेश एमएलसी रहते 2004 में वाराणसी संसदीय सीट पर भाजपा प्रत्याशी को हराकर सांसद बने। 2024 लोकसभा चुनाव के पहले राहुल गांधी बिहार से यात्रा लेकर वाराणसी पहुंचे। कहा जाता है कि उस समय राहुल गांधी ने राजेश मिश्रा को विशेष तवज्जो नहीं दिया। उपेक्षित महसूस करते हुए राजेश मिश्रा भाजपा में शामिल हो गए।
उस समय कहा गया वह राज्यसभा में जा सकते हैं। अभी हाल ही में संपन्न हुए विधान परिषद चुनाव में भाजपा की हार के बाद राजेश मिश्रा ने बयान दिया था कि उनको एमएलसी चुनाव लड़ने के कहा गया था लेकिन मैंने मना कर दिया।
अब लोकसभा चुनाव का '77 लोकसभा क्षेत्र वाराणसी' डिजिटल पोस्टर राजनीतिक चर्चा को बल दे दिया है। इस संबंध में मीडिया से अलग से बात करते हुए डा. राजेश मिश्रा ने कहा कि मैं लोकसभा लड़ूंगा। उसमें कोई बहस की बात ही नहीं है।
पार्टी के नाराज होने के प्रश्न पर कहा पार्टी क्या करेगी वह पार्टी का काम है। जो मेरा काम है वह मैं बोल रहा हूं। कोई हमसे नाराज हो किसी दल में इसमें हमें कोई फर्क नहीं। इससे मैं घबराता नहीं हूं। मैं छात्र नेता पहले हूं दल का नेता बाद में हूूं।
इस सब के बावजूद पहले तो लोकसभा चुनाव अभी बहुत दूर है। यहां से मोदी के आगे चुनाव नहीं लड़ने जैसे कोई संदेश नहीं है। मोदी पूर्व की तरह अपने संसदीय क्षेत्र में सक्रिय हैं। उनकी बगावती बयानबाजी को देखते हुए कुछ लोगों का कहना है कि यह पोस्ट एक सोची समझी रणनीति के तहत की गई होगी।
जब अजय राय को कांग्रेस अध्यक्ष पद से हटाया गया है तो राजेश मिश्रा को कांग्रेस के रास्ते '77 लोकसभा क्षेत्र वाराणसी' में प्रत्याशी बनने का रास्ता दिख रहा है। ऐसा इसलिए भी क्योंकि डा. राजेश मिश्रा का कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य और प्रदेश अध्यक्ष मोना तिवारी के पिता प्रमोद तिवारी से अच्छे संबंध हैं। ऐसे में उनके लिए कांग्रेस में उपयुक्त जगह बन सकती है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।