वाराणसी सहित पूर्वांचल में बादलों की खोह से बूंदों ने ली टोह, बारिश ने गिराया पानी और पारा, जानें सप्ताह भर का IMD का अनुमान
वाराणसी और पूर्वांचल में बारिश ने उमस व गर्मी से राहत दिलाई, जिससे तापमान में भी गिरावट आई। मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह सामान्य बारिश और रह-रहकर तेज बौछारों का अनुमान जताया है।

वाराणसी और पूर्वांचल में बारिश से मिली राहत, गिरा पारा और उमस, जानें IMD का साप्ताहिक अनुमान। (AI Image)
HighLights
वाराणसी और पूर्वांचल में बारिश से गर्मी-उमस से राहत।
बारिश ने तापमान गिराया, आर्द्रता में भी कमी आई।
मौसम विभाग ने पूरे सप्ताह सामान्य बारिश का अनुमान जताया।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। पूर्वांचल सहित वाराणसी में उमस और गर्मी के तेवर को बादलों ने आखिरकार रविवार को ढीला कर दिया। बादलों ने पानी ही नहीं बल्कि पारा भी गिरा दिया। आर्द्रता में दो दिनों से लगातार इजाफा हो रहा था। उमस की वजह से माना जा रहा था कि बादलों की आवश्यकता अब बढ़ती जा रही है। धरती की वेदना को बादलों ने समझा और झूमकर घंटे भर से अधिक समय तक बादलों ने पानी गिराया।
वहीं रात को भी कुछ जिलों में बूंदाबांदी का दौर रहा तो सुबह उमस और गर्मी से कुछ राहत मिली। वहीं सुबह बादलों की लुका छिपी का दौर चलता रहा और बादलों व पुरवा हवाओं की जोर की वजह से राहत मिली और वातावरण में कुछ राहत का दौर रहा। हालांकि दोपहर तक उमस का असर प्रभावी रहा और बादलों की खोह से बूंदों ने दोपहर बाद टोह ली तो तीन बजे के बाद बादल घने होते चले गए।
बादलों की आवाजाही का दौर लोगों को राहत देता नजर आया और ठंडी हवाओं के झोंकों के साथ बारिश के झोंकों ने पारा भी गिराया। मौसम विभाग ने इस पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही और आर्द्रता में इजाफा होने पर बारिश का संकेत दिया है। मौसम विभाग ने इस पूरे सप्ताह सामान्य बारिश का अनुमान जताकर रह रह कर तेज बारिश की संभावना से लोगों को राहत दी है।
वहीं बीते चौबीस घंटों में अधिकतम तापमान 34.2°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.1 डिग्री अधिक रहा। न्यूनतम तापमान 25.4°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.4 डिग्री कम रहा। वहीं रात में 018.6mm बारिश भी दर्ज की गई। जबकि आर्द्रता का स्तर न्यूनतम 80% और अधिकतम 92% दर्ज किया गया। जबकि आर्द्रता का स्तर शाम को और अधिक बढ़ने के साथ ही बारिश की सूरत बनती गई।
