मानसूनी बादलों के फुहारों से भीगी काशी, तापमान ने भी गुलाबी ठंडक की ओर किया रुख
काशी और पूर्वांचल में मानसूनी फुहारों से मौसम बदला है, जिससे तापमान में गिरावट आई है और जल्द ही गुलाबी ...और पढ़ें

वाराणसी में मानसूनी बारिश से मौसम सुहावना, गुलाबी ठंडक की दस्तक।
HighLights
पूर्वांचल सहित वाराणसी में मौसम का रुख बदला।
जल्द ही गुलाबी ठंडक का दौर शुरू होगा।
पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही, हल्की बूंदाबांदी संभव।
जागरण संवाददाता, वाराणसी। पूर्वांचल सहित वाराणसी में मौसम का रुख बदला हुआ है। माना जा रहा है कि जल्द ही अब गुलाबी ठंडक का दौर भी शुरू हो सकता है। मऊ, सोनभद्र और मीरजापुर के कुछ आंचलिक क्षेत्रों में दो दिनों से आसमान कुछ साफ होने के बाद सुबह कुछ समय के लिए कुहासे की भी नौबत देखी जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अब तापमान में कमी का दौर भी शुरू होने वाला है।
सोमवार ही सुबह बादलों की सक्रियता के बीच हुई तो सुबह कई जिलों में बूंदाबांदी का भी दौर रहा। सुबह तीन बजे के बाद ठंडक का अहसास भी खूब हुआ और माना जा रहा है कि गुलाबी ठंडक का दौर भी पखवारे भर में नजर आने लगेगा। मौसम विभाग के अनुमानों के अनुसार आने वाले दिनों में भी मानसूनी सक्रियता का रुख बना रहेगा और बादलों की आवाजाही का रुख तापमान भी गिराएगा।

मौसम विभाग ने इस पूरे सप्ताह के लिए बादलों की आवाजाही और बूंदाबांदी का संकेत दिया है। वतावरण में नमी का स्तर भी बढ़ा हुआ है और बादलों की आवाजाही का रुख भी बना हुआ है। मौसम विभाग ने हालांकि तेज बारिश का अनुमान नहीं जताया है। इस लिहाज से फुहारों का क्रम इस सप्ताह देखा जा सकता है। औसत के करीब तक बारिश होने की वजह से सूखे का खतरा खत्म हो चुका है।
बीते चौबीस घंंटों में अधिकतम तापमान 31.8°C दर्ज किया गया जो सामान्य से 1.4 डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 24.8°C डिग्री दर्ज किया गया जो सामान्य से 0.9 डिग्री कम रहा। इस दौरान 007.2mm तक बारिश दर्ज की गई। जबकि आर्द्रता का स्तर न्यूनतम 84% और अधिकतम 88% दर्ज की गई। मौसम विभाग ने इस पूरे सप्ताह बादलों की आवाजाही और बूंदाबांदी का संकेत दिया है। माना जा रहा है कि इस पूरे सप्ताह के बादलों की सक्रियता के बाद आगे गुलाबी ठंडक की राह प्रशस्त हो जाएगी।
