जन्माष्टमी के दिन Rishikesh में शर्मनाक घटना, दोस्तों संंग घूम रही विदेशी महिला के साथ छेड़छाड़
Rishikesh Crime ऋषिकेश के लक्ष्मणझूला क्षेत्र में जन्माष्टमी के दिन एक विदेशी महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला सामने आया है। महिला ने भागकर किसी तरह सुरक्षित स्थान पर पहुंची। पीड़िता की तहरीर पर युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपित की पहचान युगवीर सिंह निवासी किमसार यमकेश्वर पौड़ी के रूप में हुई है।
जागरण संवाददाता, ऋषिकेश। Rishikesh Crime: लक्ष्मणझूला क्षेत्र में विदेशी महिला के साथ छेड़छाड़ का मामला प्रकाश में आया है। बीती जन्माष्टमी के दिन लक्ष्मणझूला क्षेत्र में दोस्तों के साथ घूम रहे आयरलैंड निवासी महिला के साथ एक युवक ने छेड़छाड़ की।
महिला भागकर किसी तरह सुरक्षित स्थान में पहुंची। लक्ष्मणझूला पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया है।
26 अगस्त की घटना
लक्ष्मणझूला थाना प्रभारी निरीक्षक रवि कुमार सैनी ने बताया कि विदेशी महिला ने थाने में लिखित शिकायत दी थी, जिसमें बताया है कि वह 26 अगस्त को अपने कई दोस्तों के साथ लक्ष्मणझूला क्षेत्र में घूमने पहुंची थी।
जन्माष्टमी के दिन वह जौंक स्वर्गाश्रम क्षेत्र में घूम रही थी। इस दौरान एक युवक उसे बुरी नजर से घूरता रहा और मौका देख छेड़छाड़ करने लगा। इसके बाद उन्होंने भागकर खुद को बचाया।
बताया कि पीड़िता की तहरीर पर आरोपित युवक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया, जिसके बाद पुलिस आरोपित युवक की खोजबीन में जुट गई। पुलिस ने आरोपित को पकड़ लिया है। आरोपित की पहचान युगवीर सिंह निवासी किमसार यमकेश्वर पौड़ी के रूप में हुई है। घटना की जांच की जा रही है।