विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

पहले उत्तराखंड फिल्म पुरस्कारों का एलान, जौनसारी फिल्म 'मेरे गांव की बाट' का जलवा

Published: Tue, 10 Nov 2026 09:50 PM (IST)

उत्तराखंड सरकार द्वारा घोषित प्रथम फिल्म पुरस्कारों में जौनसारी फिल्म 'मेरे गांव की बाट' को विशेष सम्मान मिला है।

जनजाति समाज की परंपरागत संस्कृति पर आधारित प्रथम जौनसारी फिल्म ''मेरे गांव की बाट'' की धूम।

जनजाति समाज की परंपरागत संस्कृति पर आधारित प्रथम जौनसारी फिल्म ''मेरे गांव की बाट'' की धूम।

HighLights

  1. प्रथम उत्तराखंड फिल्म पुरस्कारों में जौनसारी फिल्म को सम्मान मिला।

  2. अज्जू तोमर बेस्ट सिंगर, मधुबाला बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस बनीं।

  3. फिल्म 'मेरे गांव की बाट' ने जौनसारी संस्कृति को बढ़ावा दिया।

चंदराम राजगुरु, जागरण, त्यूणी। सरकार की ओर से प्रथम उत्तराखंड फिल्म पुरस्कारों की घोषणा होने से कलाकारों में उत्साह है। राज्य फिल्म विकास परिषद के निर्णायक मंडल ने कला संस्कृति में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए कलाकारों का चयन किया है। जनजाति समाज की परंपरागत संस्कृति पर आधारित प्रथम जौनसारी फिल्म ''मेरे गांव की बाट'' में सुपरहिट गीत तेरे कानों रे झुमके को अपनी मधुर आवाज देने वाले लोक गायक अज्जू तोमर को बेस्ट सिंगर व उत्कृष्ट अभिनय के लिए मधुबाला को बेस्ट सपोर्टिंग एक्ट्रेस का पुरस्कार मिलेगा।

इस गीत की रचना जाने माने गीतकार श्याम सिंह चौहान ने की। फिल्म से जुड़े जनजाति क्षेत्र के इन दो कलाकारों को एक-एक लाख की धनराशि व रजत ब्रह्मकमल सम्मान पत्र से नवाजा जाएगा। पर्वतीय राज्य उत्तराखंड में गढ़वाली व कुमांऊनी फिल्मों के बाद जौनसारी लोक संस्कृति पर आधारित प्रथम फीचर फिल्म ''मेरे गांव की बाट'' को सिनेमा जगत के बड़े पर्दे पर पहचान मिली है, जिससे पहाड़ में फिल्मों की शूटिंग एवं पर्यटन विकास को बढ़ावा मिलेगा।

साथ ही जनजाति समाज की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत एवं लोक परंपरा का व्यापक प्रचार प्रसार होगा। सिनेमाघरों में पहली बार जौनसारी फिल्म रिलीज होने से दर्शकों को काफी पसंद आई। जौनसार के फटेऊ निवासी केएस चौहान की परिकल्पना एवं प्रयासों से जाने माने निर्देशक अनुज जोशी ने प्रथम जौनसारी फिल्म बनाई। उनकी कड़ी मेहनत से दर्शकों को प्रथम जौनसारी फिल्म ''मेरे गांव की बाट'' बड़े पर्दे पर देखने को मिली।

लोक संस्कृति पर आधारित इस फिल्म के लीड रोल में युवा कलाकार अभिनव चौहान ने मुख्य किरदार निभाया। फिल्म में महिला कलाकार प्रियंका, मधुबाला, किरण और साइड रोल में स्थानीय कलाकार श्रीचंद शर्मा, हास्य कलाकार बालम, विक्रम व दो बाल्य कलाकार तनिष्क एवं आरुषि ने भी फिल्म में अच्छा अभिनय किया है। फिल्म के जरिए जनजाति समाज में प्रचलित संयुक्त परिवार की परंपरा, घर में मुखिया का सर्वोच्च स्थान, संस्कारित जीवन शैली, कुल आराध्य महासू देवता के प्रति अटूट आस्था, जौनसारी लोकनृत्य, स्थानीय वेशभूषा, महिलाओं के प्रति आदर सत्कार की भावना एवं रइणी सम्मान, विवाह समारोह में ढोल बाजे के साथ बेटी की बरात दूल्हे के घर ले जाने की जोजोडिया परंपरा, मेहमान नवाजी, स्थानीय पकवान एवं उत्पाद, परंपरागत रीति रिवाज व समृद्ध सांस्कृतिक विरासत का विशेष उल्लेख है।

फिल्म की शूटिंग में क्षेत्र के रमणीक स्थलों का चित्रण होने से पहाड़ में पर्यटन विकास को बढ़ावा मिलेगा। साथ ही कलाकारों को बड़े पर्दे पर पहचान बनाने में मदद मिलेगी। इस फिल्म में पहाड़ से जारी पलायन की रोकथाम को खेती बागवानी के विकास, सामाजिक जीवन, आपसी सौहार्द एवं नारी सशक्तिकरण की मिसाल पेश की है। फिल्म के प्रस्तुतिकर्ता संयुक्त निदेशक सूचना केएस चौहान ने कहा पहली बार स्थानीय भाषा में बनी जौनसारी फिल्म मेरे गांव की बाट को सिनेमा जगत के बड़े पर्दे पर लाने की पहल सफल रही। प्रथम उत्तराखंड फिल्म पुरस्कारों में जौनसारी फिल्म से जुड़े दो कलाकारों को विशेष सम्मान मिला है।

दो माह तक चली प्रथम जौनसारी फिल्म की शूटिंग

सिनेमा जगत के जाने माने निर्देशक अनुज जोशी के नेतृत्व में प्रथम जौनसारी फिल्म ''मेरे गांव की बाट'' की शूटिंग दो माह तक पहाड़ के रमणीय स्थलों में की गई। सेंसर स्क्रीन से फिल्म पास होने पर दिसंबर 2024 में देहरादून व विकासनगर के सिनेमाघरों में पहली बार जौनसारी फिल्म रिलीज हुई।

फिल्म की शूटिंग में प्रसिद्ध महासू देवता मंदिर हनोल, बाशिक महासू एवं माता देवलाड़ी मंदिर मैंद्रथ, बागी गांव, त्यूणी के रगवाड़ जंगल, चकराता के पर्यटन स्थल देववन, कनासर, मोइला टाप, चालदा महासू मंदिर दसऊ, फटेऊ गांव और आसपास के अन्य रमणीक स्थलों में जौनसारी फिल्म की शूटिंग हुई।

इस फिल्म में गीतों की रचना खेती बागवानी से जुड़े विशायल खत के दोऊ निवासी मशहूर गीतकार श्याम सिंह चौहान ने की। उनके लिखे गीतों को लोक गायक अज्जू तोमर, सीताराम चौहान, अतर शाह व लोक गायिका मीना राणा ने अपनी मधुर आवाज दी है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।