विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राष्ट्रीय अध्यक्ष खड़गे के अपमान पर भड़की कांग्रेस, जुलूस निकालकर एसपी कार्यालय पर किया प्रदर्शन

Published: Wed, 02 Sep 2026 06:39 PM (IST)Updated: Thu, 03 Sep 2026 02:14 PM (IST)

हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद सामने आए सभा स्थल के कथित शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है।

News Article Hero Image

जागरण संवाददाता, रुड़की। हल्द्वानी में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की रैली के बाद सामने आए सभा स्थल के कथित शुद्धिकरण प्रकरण को लेकर कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन लगातार जारी है। कांग्रेसियों ने जुलूस निकालकर एसपी देहात कार्यालय पर प्रदर्शन किया। इसके बाद एक तहरीर एसपी देहात को सौंपी।

बुधवार को झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती के नेतृत्व में एकत्र हुए। यहां से वाहनों में सवार होकर रुड़की स्थित एसबीआई रोड पहुंचा। इसके बाद कार्यकर्ता पैदल जुलूस के रूप में नारेबाजी करते हुए तहसील स्थित एसपी देहात कार्यालय पहुंचे।

कार्यकर्ताओं ने कथित शुद्धिकरण की घटना को अनुसूचित समाज के अपमान से जोड़ते हुए दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की इस दौरान कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं मंगलौर विधायक काजी निजामुद्दीन ने कहा कि 21वीं सदी में जहां पूरी दुनिया कृत्रिम बुद्धिमत्ता और आधुनिक तकनीक की बात कर रही है, वहीं भाजपा आज भी छुआछूत और अनुसूचित जाति विरोधी मानसिकता के साथ काम कर रही है।

काजी निजामुद्दीन ने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे का अपमान किसी एक व्यक्ति का अपमान नहीं, बल्कि संविधान और लोकतांत्रिक मूल्यों का अपमान है। काजी निजामुद्दीन ने कहा कि दलितों के सम्मान के लिए पूरे देश में कांग्रेस एकजुट होकर सड़कों पर उतरकर आंदोलन कर रही है। भाजपा की अनुसूचित जाति विरोधी मानसिकता का जवाब कांग्रेस पूरी ताकत के साथ देगी।

झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जाती ने कहा कि सरकार द्वारा लगातार अनुसूचित जाति और पिछड़े समाज के साथ कथित तौर पर भेदभाव किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इसके विरोध में दलित समाज अब जवाब देने के लिए सड़कों पर उतर चुका है। उन्होंने कहा कि मल्लिकार्जुन खड़गे केवल कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष ही नहीं, बल्कि अनुसूचित समाज के बड़े नेता और उनके हितों की लड़ाई लड़ने वाले व्यक्ति हैं।

उनके कार्यक्रम के बाद मैदान का कथित शुद्धिकरण किया जाना बेहद निंदनीय है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए।

कांग्रेस ओबीसी विभाग के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. गौरव चौधरी ने कहा कि कांग्रेस हमेशा सामाजिक समानता, भाईचारे और संविधान की रक्षा के लिए संघर्ष करती रही है। इसके बाद उन्होंने एसपी देहात को तहरीर दी। इस मौके पर बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्त्ता मौजूद रहे।