त्योहारी सीजन में रेलवे का तोहफा, हरिद्वार और ऋषिकेश से राजस्थान के लिए चलेंगी स्पेशल ट्रेनें
त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड़ को देखते हुए रेलवे ने हरिद्वार और योगनगरी ऋषिकेश से राजस्थान के लिए विशेष ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
त्योहारी सीजन में यात्रियों की भीड़ कम करने को विशेष ट्रेनें।
हरिद्वार, ऋषिकेश से राजस्थान के बाड़मेर, अजमेर तक चलेंगी।
नियमित ट्रेनों पर दबाव कम होगा, यात्रियों को सुविधा मिलेगी।
जागरण संवाददाता, हरिद्वार। त्योहारी सीजन में रूटीन ट्रेनों में भीड़भाड़ को देखते रेलवे प्रशासन की ओर से विशेष ट्रेन संचालित की जाएगी। हरिद्वार और योगनगरी ऋषिकेश से राजस्थान समेत अन्य शहरों की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त रेल सुविधा मिलेगी। बाड़मेर से हरिद्वार चलने वाली 04811 विशेष ट्रेन का संचालन 31 अगस्त से 28 सितंबर तक सोमवार और गुरुवार को किया जाएगा। इस अवधि में इसके नौ फेरे होंगे।
इसके बाद पूजा अवधि में एक अक्टूबर से 30 नवंबर तक 18 फेरे लगाए जाएंगे। इसी तरह हरिद्वार से बाड़मेर जाने वाली 04812 विशेष ट्रेन एक सितंबर से 29 सितंबर तक मंगलवार और शुक्रवार को चलेगी। इस दौरान नौ फेरे होंगे। जबकि दो अक्टूबर से एक दिसंबर तक पूजा अवधि में इसके 18 फेरे निर्धारित किए गए हैं। अजमेर जंक्शन से योगनगरी ऋषिकेश के बीच चलने वाली 09611 विशेष ट्रेन भी त्योहारों के दौरान यात्रियों को सुविधा देगी।
यह ट्रेन प्रत्येक बुधवार को संचालित होगी। पूजा अवधि में 14 अक्टूबर से 25 नवंबर तक इसके सात अतिरिक्त फेरे होंगे। वापसी में 09612 विशेष ट्रेन योगनगरी ऋषिकेश से अजमेर जंक्शन के लिए प्रत्येक गुरुवार चलेगी। इसके 15 अक्टूबर से 26 नवंबर तक सात फेरे निर्धारित किए गए हैं।
नियमित ट्रेनों पर कम होगा दबाव
हरिद्वार: त्योहारी सीजन में घर जाने और धार्मिक स्थलों की यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ने से नियमित ट्रेनों में भीड़ बढ़ जाती है। एक अदद कंफर्म टिकट को मारामारी होती है। ऐसे में विशेष ट्रेनों के अतिरिक्त फेरे यात्रियों के लिए वैकल्पिक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराएंगे। साथ ही नियमित ट्रेनों पर यात्री दबाव कम करने में भी मदद मिलेगी।
त्योहारों के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को देखते इन विशेष ट्रेनों के परिचालन अवधि में विस्तार िकया गया है। नियमित ट्रेनों में यात्री दबाव को कम करने में भी सहायता मिलेगी। जरूरत अनुरूप अन्य रूटों पर पूजा स्पेशल चलाने की योजना है।
महेश यादव, सीनियर डीसीएम, मुरादाबाद- मनीष कुमार
