धीरेंद्र शास्त्री को पाखंडी बताने वाले बयान पर बाबा रामदेव का यू-टर्न, कहा- वो मेरे अनुज जैसे अभी बालक हैं
योग गुरु स्वामी रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री को लेकर चल रहे विवाद को समाप्त करने की अपील की है। उन्होंने देवी-देवताओं की तुलना और सनातन धर्म को पाखंड से जोड़ने वाली बातों पर अपनी नाराजगी व्यक्त की और धीरेंद्र शास्त्री को अपना अनुज बताते हुए फटकार लगाने की बात कही।

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री योग गुरु बाहा रामदेव। फोटो- सोशल मीडिया
HighLights
रामदेव ने धीरेंद्र शास्त्री विवाद समाप्त करने की अपील की।
देवी-देवताओं की तुलना, पाखंड से जोड़ने पर जताई नाराजगी।
धीरेंद्र शास्त्री को अनुज बताकर फटकार लगाने की बात कही।
जागरण संवाददता, हरिद्वार। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर धीरेंद्र शास्त्री को लेकर पिछले दो दिनों से चल रहे विवाद पर योग गुरु स्वामी रामदेव ने आखिरकार विराम लगाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इस विवाद के बीच उन्होंने अपने अनुज बागेश्वर बाबा से बातचीत की और उनसे अपनी दो प्रमुख बातें स्पष्ट रूप से कहीं।
स्वामी रामदेव ने कहा कि देवी-देवताओं और अवतारी सत्ताओं को लेकर की गई टिप्पणियों एवं तुलनाओं से वह बेहद आहत थे। यह सनातन परंपरा नहीं है। भगवान में कोई भेद नहीं है। भगवान के नाम पर भेदभाव करना समाज को तोड़ने का काम करता है।
स्वामी रामदेव ने कहा कि उनके मन में दूसरा गंभीर प्रश्न यह था कि सनातन धर्म को किसी भी प्रकार के पाखंड और अंधविश्वास से जोड़कर नहीं देखा जाना चाहिए। सनातन धर्म ईश्वरीय विद्या है। यह वैज्ञानिक और सार्वभौमिक है। सनातन धर्म प्रत्येक व्यक्ति के भीतर एक ब्रह्म भाव देखता है। यह विश्व का श्रेष्ठतम धर्म है। इसमें ढोंग, आडंबर और पाखंड के लिए कोई स्थान नहीं है।
'रखते हैं स्नेह का भाव'
सनातन धर्म में न तो चमत्कारवाद है और न ही अंधविश्वास अथवा अंधश्रद्धा, बल्कि इसमें श्रद्धा की पराकाष्ठा है। उन्होंने कहा कि चारों शंकराचार्य शंकर के ही अवतारी स्वरूप हैं। सनातन धर्म किसी एक व्यक्ति या वर्ग के लिए नहीं, बल्कि समस्त मानवता और सबके कल्याण के लिए है। स्वामी रामदेव ने धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री को अपना अनुज बताते हुए कहा कि वे अभी बालक हैं और उनके प्रति स्नेह एवं अधिकार का भाव रखते हैं।
उनकी कुछ बातें अनुचित लगीं और उनसे आहत होने के कारण उन्होंने उन्हें अधिकारपूर्वक डांटा और फटकार लगाई। उन्होंने कहा कि बागेश्वर बाबा ने उनकी फटकार को प्यार समझकर स्वीकार किया, यह उनकी महानता है।
स्वामी रामदेव ने दोनों पक्षों के समर्थकों से भी आपसी विवाद समाप्त करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बागेश्वर बाबा और उनके समर्थक आपस में उलझने या एक-दूसरे को ट्रोल करने और निंदा करने से बचें। आपसी फूट और विदेशियों की लूट ने देश को बहुत पीछे धकेला है। किसी को भी ट्रोल करना या उसकी निंदा करना किसी का उद्देश्य नहीं होना चाहिए।
यह भी पढ़ें- सत्ता वापसी का दांव: कल जारी होगा सपा का घोषणापत्र, महिलाओं-किसानों और युवाओं के लिए क्या है खास?
उन्होंने कहा कि माता-पिता और बड़ों का दायित्व होता है कि वे अपने छोटों को एकांत में समझाएं और टोकें। वह पहले भी कई बार एकांत में अपनी बात बाबा धीरेन्द्र शासत्री से कह चुके थे, लेकिन इस बार सार्वजनिक रूप से कहना पड़ा, जिसका उन्हें भी दुख है। स्वामी रामदेव ने भावुक अंदाज में कहा, “मैं रहूं या न रहूं, मेरा भारत और मेरा सनातन रहना चाहिए।”
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।