विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रुद्रपुर रेशमबाड़ी हत्याकांड: पुलिस मुठभेड़ में पकड़ा गया तीसरा आरोपी शिवम चंद्रा 'बर्गर', अवैध तमंचा बरामद

Published: Sat, 28 Nov 2026 07:12 AM (GMT+05:30)

रुद्रपुर में सिक्योरिटी गार्ड लीलाधर की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में पुलिस ने तीसरे आरोपी शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। 

एनकाउंटर के बाद हत्या के आरोपी बर्गर को ले जाती पुलिस। जागरण

एनकाउंटर के बाद हत्या के आरोपी बर्गर को ले जाती पुलिस। जागरण

HighLights

  1. मुठभेड़ में तीसरा हत्यारोपित शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर गिरफ्तार।

  2. आरोपी के दाहिने पैर में लगी गोली, अस्पताल में भर्ती।

  3. अवैध तमंचा और कारतूस बरामद, तीन आरोपी अभी फरार।

जागरण संवाददाता, रुद्रपुर(उधमसिंह नगर)। रेशमबाड़ी में सिक्योरिटी गार्ड लीलाधर की चाकू से गोदकर हत्या के मामले में फरार चल रहे तीसरे आरोपी को पुलिस ने शनिवार को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया।

रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर हुई मुठभेड़ में आरोपी शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे उपचार के लिए जिला चिकित्सालय पहुंचाया। उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक खोखा और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। इस मामले में दो आरोपी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके हैं, जबकि तीन नामजद आरोपी अभी फरार हैं।

एसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि रेशमबाड़ी में सिक्योरिटी गार्ड लीलाधर की हत्या के मामले में छह आरोपितों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की गई थी। गुरुवार रात फैक्ट्री में ड्यूटी पूरी कर घर पहुंचे लीलाधर के भांजे अनुज का दूधिया नगर निवासी विनोद कश्यप से बाइक की चाबी निकालने को लेकर विवाद हो गया था।

कहासुनी के बाद विनोद अपने साथियों के साथ अनुज का पीछा करते हुए रेशमबाड़ी स्थित उसके घर पहुंच गया। आरोप है कि हमलावर जबरन घर में घुस आए और परिवार के लोगों पर चाकू से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंचे लीलाधर को भी हमलावरों ने चाकू से कई वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया था। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई थी। हमले में अनुज, राहुल और राम अवतार भी घायल हुए थे।

मामले में पुलिस ने विनोद कश्यप, सुभाष राठौर, प्रिंस ठाकुर उर्फ पंछी, शिवम चंद्रा, प्रियांशु कश्यप और अरुण ठाकुर के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की थी। पुलिस ने बगवाड़ा मंडी के पास से रेशमबाड़ी निवासी सुभाष पुत्र रघुवीर सिंह और विनोद कश्यप को गिरफ्तार किया था। इसके बाद से फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।

इसी क्रम में शनिवार को पुलिस को शिवम चंद्रा उर्फ बर्गर के रिंग रोड से सरदार के झाले की ओर जाने वाले मार्ग पर होने की सूचना मिली। पुलिस टीम ने घेराबंदी कर उसे पकड़ने का प्रयास किया तो मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गोली लगने से शिवम घायल हो गया। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर अस्पताल पहुंचाया। उसके पास से तमंचा और कारतूस बरामद किए गए हैं। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि फरार आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।