गंगोत्री हाईवे के चौड़ीकरण की प्रक्रिया तेज, ज्ञानसू क्षेत्र में अधिग्रहित संपत्तियां हटाने की कार्रवाई शुरू
चारधाम ऑलवेदर रोड परियोजना के तहत गंगोत्री हाईवे चौड़ीकरण की प्रक्रिया तेज हो गई है, जिसके तहत ज्ञानसू क्षेत्र में अधिग्रहित संपत्तियों को हटाने का काम शुरू हो गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
गंगोत्री हाईवे चौड़ीकरण प्रक्रिया में अब तेजी आई है।
ज्ञानसू क्षेत्र में अधिग्रहित संपत्तियां हटाई जा रही हैं।
दिसंबर में ठेकेदार कंपनी निर्माण कार्य आगे बढ़ाएगी।
जागरण संवाददाता, उत्तरकाशी। चारधाम आलवेदर रोड परियोजना के तहत गंगोत्री हाईवे चौड़ीकरण की प्रक्रिया तेज हो गई है। बुधवार को केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के क्षेत्रीय अधिकारी की मौजूदगी में बीआरओ, राजस्व विभाग और जिला प्रशासन की टीम ने ज्ञानसू क्षेत्र में अधिग्रहित परिसंपत्तियां हटाने की कार्रवाई शुरू की। अधिकारियों के अनुसार, ठेकेदार कंपनी दिसंबर में चौड़ीकरण का निर्माण कार्य आगे बढ़ाएगी।
उत्तरकाशी से भैरोंघाटी तक हाईवे चौड़ीकरण पांच चरणों में प्रस्तावित है। वन भूमि हस्तांतरण और एनजीटी से संबंधित रोक सहित कई अड़चनों के कारण काम लंबे समय से अटका था। पांचवें चरण में चुंगी बड़ेथी से तेखला तक करीब पांच किलोमीटर हिस्से का चौड़ीकरण होना है। इस हिस्से में कुछ दिनों से प्रक्रिया तेज की गई है।
परियोजना से प्रभावित करीब 147 लोगों को 33.48 करोड़ रुपये मुआवजा दिया जाना है। अब तक 12.95 करोड़ रुपये वितरित किए जा चुके हैं। मुआवजा वितरण के साथ अधिग्रहण की जद में आ रही परिसंपत्तियां हटाने की कार्रवाई भी जारी है।
इसी क्रम में बुधवार को संयुक्त टीम ने ज्ञानसू के कंडोला बैंड के पास परिसंपत्तियां हटानी शुरू की। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के क्षेत्रीय अधिकारी आकाश जोशी ने बताया कि भारत सरकार ने चौड़ीकरण का काम तेजी से पूरा करने के निर्देश दिए हैं। प्रभावितों को अपनी परिसंपत्तियां हटाने के लिए समय दिया गया था, लेकिन कई लोगों ने अब तक ऐसा नहीं किया। इसलिए संयुक्त टीम की मौजूदगी में कार्रवाई शुरू की गई।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।