Move to Jagran APP
5/5शेष फ्री लेख

West Bengal: 'भारत के सारथी नरेन्द्र-कृष्ण हैं', बंगाल के राज्यपाल ने भगवान श्रीकृष्ण से की पीएम मोदी की तुलना

बंगाल के राज्यपाल डॉ सीवी आनंद बोस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तुलना भगवान श्रीकृष्ण से की। बंगाल में सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने राज्यपाल के बयान की कड़ी आलोचना की है।पार्टी के राज्य उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजुमदार ने कहा कि कुछ लोग कुछ पाने की चाह में इस तरह की चाटुकारिता कर रहे हैं।तृणमूल के राज्यसभा सदस्य शांतनु सेन ने कहा कि राज्यपाल का मुखौटा काफी पहले उतर चुका है।

By Jagran News Edited By: Nidhi Avinash Updated: Sun, 04 Feb 2024 06:44 PM (IST)
Hero Image
बंगाल के राज्यपाल ने भगवान श्रीकृष्ण से की पीएम मोदी की तुलना (Image: ani)

राज्य ब्यूरो, कोलकाता। बंगाल के राज्यपाल डा सीवी आनंद बोस ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तुलना भगवान श्रीकृष्ण से की है। उन्होंने कोलकाता में एक कार्यक्रम में कहा-'कुरुक्षेत्र में अर्जुन के सारथी श्रीकृष्ण थे और भारत के सारथी नरेन्द्र-कृष्ण हैं।

श्रीकृष्ण के कारण ही महाभारत में अर्जुन के रथ को कोई क्षति नहीं पहुंची थी, इसी तरह नरेन्द्र मोदी के कारण भारतवर्ष का रथ अक्षत है। मैंने भगवद गीता में पढ़ा है कि श्रीकृष्ण के अर्जुन के दिव्य रथ से उतरते ही वह जलकर राख हो गया था। यह देखकर अर्जुन हैरान रह गए थे। उन्होंने जब इस बारे में श्रीकृष्ण से पूछा तो उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा कि वे रथ पर बैठे थे इसलिए वह भस्म नहीं हुआ था।

भारत नामक रथ पर नरेन्द्र-कृष्ण सवार

आज भारत नामक जो रथ है, उसपर नरेन्द्र-कृष्ण सवार हैं। इसी कारण भारत अक्षत है। राज्यपाल ने अयोध्या में राम मंदिर के निर्माण को लेकर भी पीएम मोदी की प्रशंसा की। बंगाल में सत्ताधारी पार्टी तृणमूल कांग्रेस ने राज्यपाल के बयान की कड़ी आलोचना की है। पार्टी के राज्य उपाध्यक्ष जयप्रकाश मजुमदार ने कहा कि कुछ लोग कुछ पाने की चाह में इस तरह की चाटुकारिता कर रहे हैं।

वहीं तृणमूल के राज्यसभा सदस्य शांतनु सेन ने कहा कि राज्यपाल का मुखौटा काफी पहले उतर चुका है। वे पूर्व राज्यपाल जगदीप धनखड़ के नक्शेकदम पर चलते हुए भाजपा के प्रवक्ता के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्होंने राजभवन को भाजपा के प्रधान कार्यालय में बदल दिया है। वे सरकारी फंड से समानांतर सरकार चलाकर निर्वाचित सरकार को परेशान करने का प्रयास कर रहे हैं। दूसरी तरफ बंगाल भाजपा के प्रवक्ता शमिक भट्टाचार्य ने कहा कि राज्यपाल के ऐसी तुलना करने में गलत क्या है? नरेन्द्र मोदी नए भारत के नेता हैं।

यह भी पढ़ें: Kolkata News: बंगाल में महिला बीड़ी श्रमिकों से मिले राहुल गांधी, माकपा नेता भी भारत जोड़ो न्याय यात्रा में हुए शामिल

यह भी पढ़ें: Bengal: ममता के इनकार के बावजूद गठबंधन को लेकर कांग्रेस की आस बरकरार, जयराम रमेश ने कही यह बड़ी बात

लोकल न्यूज़ का भरोसेमंद साथी!जागरण लोकल ऐपडाउनलोड करें