कोलकाता से दैनिक जागरण के 38वें संस्करण का शुभारंभ, सीएम शुभेंदु बोले- राष्ट्रवाद और देशप्रेम को दैनिक जागरण ने दी मजबूती
मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रबोधिनी एकादशी पर कोलकाता में दैनिक जागरण के 38वें संस्करण का शुभारंभ किया। उन्होंने जागरण की राष्ट्रवादी यात्रा की सराहना की।

दैनिक जागरण के कोलकाता संस्करण का शुभारंभ करते बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी, दैनिक जागरण समूह के निदेशक सुनील गुप्ता, प्रबंध संपादक तरुण गुप्ता, सीजीएम आनंद त्रिपाठी, स्थानीय संपादक (बिहार-झारखंड) आलोक मिश्रा।- जागरण
HighLights
ढाक-शंख की ध्वनि के साथ मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने किया शुभारंभ।
यह शुभारंभ कोलकाता में प्रबोधिनी एकादशी के पावन पर्व पर हुआ।
सीएम ने जागरण के राष्ट्रवाद की सराहना की, पिछली सरकारों पर सवाल उठाए।
जागरण संवाददाता, कोलकाता। ढाक-शंख की मंगलकारी ध्वनि के साथ बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी ने प्रबोधिनी एकादशी के पावन पर्व पर दैनिक जागरण के 38वें संस्करण का शुभारंभ किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने कहा कि दैनिक जागरण ने 86 साल की प्रखर यात्रा में राष्ट्रवाद-देशप्रेम को मजबूत किया है।
सीएम शुभेंदु अधिकारी ने आगे कहा कि राज्य में सत्ता परिवर्तन से पहले ऐसी सरकारें थीं, जिन्होंने राष्ट्रवाद के बाहर जाकर सत्ता चलाई। यहां एक सरकार ने 34 साल तक शासन किया, लेकिन वह बीजिंग से संचालित होती रही। दूसरी सरकार के लिए यूपी-महाराष्ट्र, बिहार के लोग बाहरी थे, लेकिन बांग्लादेशी घुसपैठियों से प्रेम था और उन्हें दामाद बनाकर रखा था।
सीएम ने पिछली सरकार पर उठाए सवाल
सीएम शुभेंदु ने कहा कि पिछली सरकारों को कठघरे में खड़ा करते हुए कहा कि पूर्व सरकारों की ओर से भाषा के नाम पर बांटने और समाज को तोड़ने का प्रयास किया जाता रहा, लेकिन बंटेंगे तो कटेंगे के नारे पर राज्य की जनता ने भरोसा जताया और लंबे समय बाद बंगाल की जनता ने राष्ट्रवादी सरकार को चुना।
उन्होंने दैनिक जागरण के वृत्तचित्र में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी व प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के संदेशों का उल्लेख करते हुए कहा कि दैनिक जागरण के लिए राष्ट्र सर्वोपरि है।
जागरण परिवर्तन का सक्षी है- तरुण गुप्ता
दैनिक जागरण के प्रबंध संपादक तरुण गुप्ता ने कहा कि जागरण परिवर्तन का साक्षी है। समूह परिवर्तन के साथ कदमताल करते हुए पाठकों के स्नेह और विश्वास पर खरा उतरता रहा है। जितने भी परिवर्तन हो जाएं हमारे आदर्श व मूल्य नहीं बदलते हैं। समूह समाचार और विचार दोनों में पुष्ट है। राष्ट्रीयता इसके केंद्र में है।
इसके साथ ही दैनिक जागरण के निदेशक सुनील गुप्ता ने सभी का स्वागत करते हुए कहा संस्थान का यह 38वां संस्करण है। स्थानीय संपादक जयकृष्ण वाजपेयी ने धन्यवाद ज्ञापन किया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।