'22 साल में ही गर्भवती कर दिया', रीवा में मृत महिला के बारे में विवादित बयान देने वाला डॉक्टर बर्खास्त
रीवा के संजय गांधी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा को कल्पना मिश्रा की मौत और परिजनों से दुर्व्यवहार के ...और पढ़ें
HighLights
डॉ. राहुल मिश्रा को अधीक्षक पद से हटाया गया।
कल्पना मिश्रा की मौत और विवादित बयान बना कारण।
डॉ. प्रियंक शर्मा को अस्थाई प्रभार सौंपा गया।
डिजिटल डेस्क, रीवा। मध्य प्रदेश के रीवा जिले में स्थित श्याम शाह चिकित्सा महाविद्यालय से संबद्ध गांधी मेमोरियल अस्पताल में कल्पना मिश्रा की मौत के मामले में मध्य प्रदेश शासन ने बड़ी कार्रवाई की है। शासन ने संजय गांधी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा को तत्काल प्रभाव से पद से हटा दिया है।
इस संबंध में 01 सितंबर को आदेश जारी
इस संबंध में लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, मंत्रालय भोपाल द्वारा 01 सितंबर 2026 को आदेश जारी किया गया है। आदेश क्रमांक 1301/1498140/2026/मेडि/17-2 के अनुसार डॉ. राहुल मिश्रा के स्थान पर जनरल सर्जरी विभाग के प्राध्यापक डॉ. प्रियंक शर्मा को संयुक्त संचालक एवं अधीक्षक का अस्थाई प्रभार सौंपा गया है। यह आदेश अवर सचिव सीमा डेहरिया द्वारा राज्यपाल के नाम से जारी किया गया है।
क्या है कल्पना मिश्रा का मामला?
बताया जा रहा है कि संजय गांधी अस्पताल में कल्पना मिश्रा की कुछ दिन पूर्व प्रसव के पूर्व संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई थी। मौत के बाद उनका एक वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुआ, जिसमें उन्होंने काम के अत्यधिक दबाव, स्टाफ की कमी और अस्पताल में गंदे व संक्रमित मरीजों के आने के कारण होने वाली परेशानियों का जिक्र किया था। वीडियो सामने आने के बाद स्वास्थ्य महकमे में हड़कंप मच गया और विपक्ष सहित कई सामाजिक संगठनों ने अधीक्षक पर लापरवाही के आरोप लगाए थे।
वीडियो वायरल होने के बाद हुई कार्रवाई
बता दें कि प्रसूता की मौत के बाद संजय गांधी अस्पताल के अधीक्षक डॉ. राहुल मिश्रा ने कल्पना मिश्रा के परिजनों से बदतमीजी की थी। वीडियो वायरल होने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने कार्रवाई की है। वीडियो में डॉ. मिश्रा को परिवार के एक सदस्य से यह कहते हुए सुना गया- "तुमने अपनी 22 वर्षीय बहन को गर्भवती कर दिया।"
लगातार ड्यूटी और संसाधनों की कमी
वीडियो में डॉ राहुल मिश्रा ने कथित तौर पर कहा था कि लगातार ड्यूटी और संसाधनों की कमी के कारण स्टाफ मानसिक तनाव में रहता है। इस वीडियो के वायरल होने के बाद मामला सीधे भोपाल तक पहुंच गया और उप मुख्यमंत्री एवं स्वास्थ्य मंत्री ने मामले की जांच के आदेश दिए थे।
लगातार विवादों में थे डॉ. राहुल मिश्रा
सूत्रों के अनुसार डॉ. राहुल मिश्रा का कार्यकाल कई विवादों से घिरा रहा है। अस्पताल में अव्यवस्थाओं, साफ-सफाई की कमी, डॉक्टरों और नर्सिंग स्टाफ के बीच समन्वय की कमी को लेकर लगातार शिकायतें मिल रही थीं। कल्पना मिश्रा की मौत के बाद परिजनों ने अधीक्षक को हटाने की मांग को लेकर आंदोलन की चेतावनी दी थी।
नए अधीक्षक से सुधार की उम्मीद
शासन ने अब डॉ. प्रियंक शर्मा को अधीक्षक की जिम्मेदारी देकर स्पष्ट संकेत दिया है कि अस्पताल की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे। डॉ. प्रियंक शर्मा सीनियर सर्जन हैं और उनका प्रशासनिक अनुभव बेहतर माना जाता है।
निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच जारी है और जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी। वहीं कल्पना मिश्रा के परिजनों ने निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
