बंगाल के जंगल में मिले चार इंसानी कंकाल, बच्चे का अवशेष भी शामिल; दो महीने से लापता परिवार से जुड़ रहे तार
पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले के कंक्सा के जंगल में चार इंसानी कंकाल मिले हैं, जिनमें एक बच्चे का ...और पढ़ें

जंगल में मिले चार इंसानी कंकाल से फैली सनसनी।
HighLights
पश्चिम बर्दवान के कंक्सा जंगल में चार इंसानी कंकाल मिले।
बरामद अवशेषों में एक बच्चे की खोपड़ी भी शामिल है।
पुलिस लापता परिवार से कंकालों के संबंध की जांच कर रही।
डिजिटल डेस्क, कोलकाता। पश्चिम बंगाल के पश्चिम बर्दवान जिले के कंक्सा इलाके के एक घने जंगल में बीते दिनों कम से कम चार लोगों के कंकाल मिलने से सनसनी फैल गई है। बुधवार को जब स्थानीय आदिवासियों ने जंगल से गुजरते समय इन कंकालों को देखा तो तुरंत पुलिस को सूचना दी।
पुलिस और फॉरेंसिक टीम के मुताबिक, बरामद अवशेषों में एक खोपड़ी बच्चे की है, जबकि बाकी तीन खोपड़ियां एक पुरुष और दो महिलाओं की हैं। इसके अलावा मौके से एक बच्चे की चप्पल और कपड़ों से भरा एक बैग भी मिला है।
पेड़ से लटके होने की आशंका
मामले में पुलिस अधिकारियों का कहना है कि घटनास्थल पर पेड़ों की शाखाओं से नायलॉन की रस्सियां लटकी हुई मिली हैं। प्राथमिक जांच में ऐसा अंदेशा जताया जा रहा है कि शव पहले फांसी पर लटके रहे होंगे और रस्सी गलने या टूटने के बाद जमीन पर गिर गए होंगे। इसके बाद जंगली जानवरों द्वारा शवों को नोंचने के कारण हड्डियां और कंकाल चारों तरफ बिखर गए।
लापता परिवार से हो रही है जांच
दूसरी तरफ अब पुलिस यह भी जांच कर रही है कि क्या इन कंकालों का संबंध उस परिवार से है जो करीब दो महीने पहले पास के ही बुदबुद इलाके से रहस्यमय तरीके से गायब हो गया था। हालांकि, शुरुआती तौर पर पुलिस का यह भी कहना है कि सभी कंकाल एक ही परिवार के होने जैसे नहीं लग रहे हैं।
गौरतलब है कि फिलहाल पुलिस ने सभी अवशेषों को कब्जे में लेकर उनका पोस्टमॉर्टम करवा दिया है और उन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेज दिया है। पुलिस रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह और मृतकों की पहचान का खुलासा हो सकेगा।
