विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'CEO के तौर पर वापसी करना सम्मान की बात होगी', इस्तीफा देने के बाद पहली बार बोले जेनसेन हुआंग

Published: Tue, 17 Nov 2026 09:50 PM (IST)Updated: Tue, 17 Nov 2026 11:27 PM (IST)

एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग ने पद पर वापसी की इच्छा जताई है, इसे वे सम्मान मानते हैं।

एनवीडिया सीईओ पद पर वापसी को लेकर जेनसन हुआंग का बड़ा बयान (फोटो- रॉयटर्स)

एनवीडिया सीईओ पद पर वापसी को लेकर जेनसन हुआंग का बड़ा बयान (फोटो- रॉयटर्स)

HighLights

  1. जेनसन हुआंग ने एनवीडिया सीईओ पद पर वापसी की इच्छा जताई।

  2. एलन मस्क सहित कई टेक लीडर हुआंग के समर्थन में हैं।

  3. एनवीडिया बोर्ड जांच के कारण वापसी पर विचार नहीं कर रहा।

डिजिटल डेस्क, वॉशिंगटन। दुनिया की सबसे बड़ी एआई चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया में कंपनी के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग ने इस्तीफा देने के बाद मंगलवार को पहली बार कहा कि अगर उन्हें वापस इस पद पर लौटने का मौका मिले तो वे इसे सम्मान की बात मानेंगे।

दुनिया की सबसे बड़ी चिप निर्माता कंपनियों में शामिल एनवीडिया के पूर्व सीईओ जेनसन हुआंग को अब अमेरिकी सांसदों के सवालों का सामना करना होगा। उन्होंने एक दिसंबर को अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की तीन समितियों के सामने रिकार्ड किए जाने वाले साक्षात्कार में शामिल होने की सहमति दी है। जांच का मुख्य मुद्दा कंपनी की अत्याधुनिक कंप्यूटर चिप चीन के संदिग्ध लोगों और संभावित खुफिया नेटवर्क तक पहुंचने तथा इससे अमेरिकी राष्ट्रीय सुरक्षा को पैदा हुए खतरे हैं।

एपी के अनुसार, अमेरिकी प्रतिनिधि सभा की विदेश मामलों, चीन मामलों और खुफिया मामलों से जुड़ी समितियों के अध्यक्ष ब्रायन मास्ट, जान मूलेनार और रिक क्राफोर्ड ने मंगलवार को इसकी जानकारी दी। एनवीडिया के जनरल काउंसिल टिम टीटर दो दिसंबर को इन समितियों के सामने अपना पक्ष रखेंगे। सांसदों ने बयान में कहा कि अमेरिकी नागरिकों को यह जानने का अधिकार है कि देश की सबसे उन्नत कंप्यूटर चिप खतरनाक चीनी लोगों तक कैसे पहुंची और इस पूरे मामले में चीन की संभावित खुफिया एजेंट की क्या भूमिका रही। समितियां हुआंग और कंपनी की भूमिका की पड़ताल करेंगी।

कंपनी ने बनाई नई निगरानी समिति

इस बीच, एनवीडिया ने राष्ट्रीय सुरक्षा और निर्यात नियंत्रण से जुड़े मामलों की निगरानी के लिए निदेशक मंडल के स्तर पर नई समिति गठित की है। इसका नाम 'नेशनल सिक्योरिटी एंड एक्सपोर्ट कंट्रोल ओवरसाइट कमेटी' रखा गया है। रायटर के अनुसार, सुजैन नोरा जानसन इसकी अध्यक्ष होंगी। समिति में स्टीफन सी. नील और जान ओ. डाबीरी भी शामिल हैं।

यह समिति राष्ट्रीय सुरक्षा नीतियों, निर्यात नियंत्रण नियमों के अनुपालन और वैश्विक व्यापार से जुड़े जोखिमों की निगरानी करेगी। इसकी बैठक कम से कम हर तीन महीने में एक बार होगी। कंपनी की राष्ट्रीय सुरक्षा और वैश्विक व्यापार अनुपालन टीमें सीधे इस समिति को रिपोर्ट करेंगी। साथ ही स्वतंत्र कानूनी और सुरक्षा विशेषज्ञों की मदद भी ली जाएगी। एनवीडिया की अंतरिम सीईओ कोलेट क्रेस कंपनी के रोजमर्रा के कामकाज की जिम्मेदारी संभालेंगी। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने नई समिति बनाने के फैसले का स्वागत किया है।

हुआंग ने मानीं गंभीर गलतियां, कंपनी में वापसी को तैयार

एपी के अनुसार, हुआंग ने अपने निजी जीवन में ‘गंभीर गलतियां’ करने की बात स्वीकार की है। उन्होंने कहा कि यदि कंपनी का बोर्ड शेयरधारकों, कर्मचारियों, कंपनी और अमेरिका के हित में उन्हें वापस बुलाने का फैसला करता है, तो उन्हें यह जिम्मेदारी संभालने में सम्मान महसूस होगा। कथित चीनी जासूस के साथ विवाहेतर संबंधों के खुलासे के बाद पद छोड़ने के बाद यह उनका पहला सार्वजनिक बयान है। हुआंग ने कहा कि उन्हें वापसी के लिए भरपूर समर्थन मिला है। एनवीडिया ने इस पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।