पेंटागन ने सैन्य प्रकाशन 'स्टार्स एंड स्ट्राइप्स' के एडिटर-इन-चीफ को किया बर्खास्त, कई पत्रकारों को थमाया नोटिस
पेंटागन ने अमेरिकी सैन्य प्रकाशन 'स्टार्स एंड स्ट्राइप्स' के संपादक-इन-चीफ एरिक स्लाविन और प्रकाशक मैक्स लेडरर को बर्खास्त कर दिया है।

‘स्टार्स एंड स्ट्राइप्स’ के संपादक-इन-चीफ एरिक स्लाविन को किया गया बर्खास्त
HighLights
पेंटागन ने 'स्टार्स एंड स्ट्राइप्स' के संपादक-इन-चीफ को बर्खास्त किया।
प्रकाशक और पश्चिम एशिया संवाददाता को भी नौकरी से हटाया गया।
यह कार्रवाई संपादकीय स्वतंत्रता और रिपोर्टिंग विवादों से जुड़ी है।
डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। पेंटागन ने शुक्रवार को अमेरिकी सैन्य प्रकाशन ‘स्टार्स एंड स्ट्राइप्स’ के संपादक-इन-चीफ एरिक स्लाविन और प्रकाशक मैक्स लेडरर को नौकरी से निकालने का नोटिस दिया।
सरकारी वित्तपोषण से चलने वाला यह अखबार अमेरिकी सैन्यकर्मियों और उनके परिवारों से जुड़े मुद्दों पर रिपोर्टिंग करता है। यह कार्रवाई ऐसे समय हुई है जब प्रकाशन के पत्रकारों ने ईरान युद्ध के दौरान विमानवाहक पोत यूएसएस अब्राहम लिंकन पर तैनात नौसैनिकों की मुश्किलों और वहां की कथित अव्यवस्थाओं पर रिपोर्ट की थी।
पेंटागन ने कई लोगों को नौकरी से निकाला
पेंटागन ने शुक्रवार को हुई ताजा बर्खास्तगी पर तत्काल कोई टिप्पणी नहीं की। ‘स्टार्स एंड स्ट्राइप्स’ की पश्चिम एशिया संवाददाता लारा कोर्टे को भी शुक्रवार को नौकरी से हटाए जाने की जानकारी सामने आई। इससे पहले अप्रैल में प्रकाशन की इंटरनल एडिटोरियल वाचडाग जैकलीन स्मिथ को भी पेंटागन ने बर्खास्त कर दिया था।
स्मिथ ने संपादकीय मामलों में कथित हस्तक्षेप को लेकर रक्षा विभाग की आलोचना की थी। उन्होंने रक्षा विभाग के खिलाफ मुकदमा भी दायर किया था। उनका आरोप है कि बर्खास्तगी उनके संविधान के फर्स्ट अमेंडमेंट के तहत मिले अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के अधिकार का उल्लंघन है।
स्लाविन के मुताबिक, उन्हें बर्खास्तगी के नोटिस में आदेश न मानने और बिना अनुमति मीडिया से बातचीत करने को वजह बताया गया है।
जुलाई में उन्होंने और कोर्टे ने सीबीएस न्यूज को दिए एक इंटरव्यू में ‘स्टार्स एंड स्ट्राइप्स’ की संपादकीय स्वतंत्रता में कथित दखल पर बात की थी। इस दौरान कोर्टे की पश्चिम एशिया में अमेरिकी सैन्य परिवारों की मुश्किलों से जुड़ी रिपोर्टिंग का भी उल्लेख हुआ था।
स्लाविन ने कहा कि उन्हें इसलिए हटाया जा रहा है क्योंकि सीबीएस को दिए इंटरव्यू में उन्होंने कहा था कि सैन्यकर्मियों के लिए खबरों पर सेंसरशिप लगाना ‘रेड लाइन’ होगा। उन्होंने कहा कि वह इस बात पर कायम हैं कि ‘स्टार्स एंड स्ट्राइप्स’ को कानून और रक्षा विभाग की नीति के अनुरूप संपादकीय रूप से स्वतंत्र रहना चाहिए।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- कैलिफोर्निया असेंबली ने 8 नवंबर को दीवाली मनाने का प्रस्ताव किया पारित, लोगों से जश्न में शामिल होने की अपील
