Move to Jagran APP

Russia-India Ties to Blossom: 'भारत, रूस का पुराना मित्र...', रूसी दूत ने पीएम मोदी की संभावित यात्रा पर कही ये बात

भारत को रूस का पुराना मित्र बताते हुए मास्को के राजदूत ने कहा कि उनके देश के नई दिल्ली के साथ विशेष रणनीतिक साझेदारी के संबंध हैं और उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की संभावित रूस यात्रा के बाद द्विपक्षीय संबंध और भी बेहतर होंगे। यह बात उन्होंने जुलाई माह के लिए सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता रूस द्वारा किए जाने पर कही।

By Jagran News Edited By: Siddharth Chaurasiya Tue, 02 Jul 2024 11:45 PM (IST)
संयुक्त राष्ट्र में रूस के दूत ने भारत को अपने देश का पुराना मित्र करार दिया है। (रॉयटर्स)

पीटीआई, संयुक्त राष्ट्र। संयुक्त राष्ट्र में रूस के दूत ने भारत को अपने देश का पुराना मित्र करार दिया है। उन्होंने कहा कि रूस के भारत के साथ विशेष रणनीतिक साझेदारी के संबंध हैं और उन्हें उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की संभावित रूस यात्रा से द्विपक्षीय संबंध और भी प्रगाढ़ होंगे।

कई क्षेत्रों पर होगी ठोस बातचीत

संयुक्त राष्ट्र में रूस के स्थायी प्रतिनिधि वेसीली नेबेंजिया ने सोमवार को यहां पत्रकारों से बातचीत के दौरान पीएम मोदी की संभावित मास्को यात्रा के बारे में पूछे गए प्रश्न पर यह बात कही। यह संवाददाता सम्मेलन रूस द्वारा जुलाई के लिए सुरक्षा परिषद की अध्यक्षता ग्रहण करने के अवसर पर आयोजित किया गया था। नेबेंजिया ने कहा, "भारत के साथ हमारे विशेष रणनीतिक साझेदारी संबंध हैं। भारत, रूस का पुराना मित्र है। हम कई क्षेत्रों में सहयोग करते हैं। मुझे लगता है कि इन सभी सहयोग के क्षेत्रों पर एक ठोस बातचीत होगी।"

मास्को दौरे पर जा सकते हैं पीएम मोदी

भारत और रूस अगले सप्ताह मोदी की मास्को की संक्षिप्त यात्रा की संभावना पर विचार कर रहे हैं। इस दौरान रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन और प्रधानमंत्री मोदी के बीच व्यापक बातचीत होगी। अगर यह यात्रा होती है तो पीएम मोदी का करीब पांच वर्ष बाद यह पहला रूस दौरा होगा। उन्होंने अंतिम बार 2019 में रूस की यात्रा की थी।