विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

टेक्सस ने बेकार पड़े गोल्फ कोर्स को बनाया 200 एकड़ का फ्लड-कंट्रोल जोन, चक्रवात के दौरान रोका 10 करोड़ गैलन पानी

Updated: Sun, 23 Aug 2026 04:23 PM (GMT+05:30)

क्लियर लेक सिटी में एक बंद पड़े गोल्फ कोर्स को 200 एकड़ के एक्सप्लोरेशन ग्रीन फ्लड-कंट्रोल जोन में बदला गया है।

टेक्सस ने बेकार पड़े गोल्फ कोर्स को बनाया फ्लड-कंट्रोल जोन(फोटो: सोशल मीडिया)

टेक्सस ने बेकार पड़े गोल्फ कोर्स को बनाया फ्लड-कंट्रोल जोन(फोटो: सोशल मीडिया)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, वाशिंगटन। साल 2017 में जब चक्रवाती तूफान हार्वे ने अमेरिका के ह्यूस्टन में तबाही मचाई, तो क्लियर लेक सिटी के लोग खौफ से कांप उठे थे। आसमान से बरसती आफत के बीच, पिछले 50 सालों से वहां रह रहे बुजुर्ग स्पायरोस वार्सोस अपनी आंखों के सामने पानी को बढ़ता देख दुआएं मांग रहे थे। हर तरफ चीख-पुकार थी, लेकिन किस्मत से वार्सोस का घर इस महाप्रलय की चपेट में आने से बच गया।

राहत की सांस लेते हुए वार्सोस ने बताया कि यह कोई चमत्कार नहीं था। दरअसल, स्थानीय प्रशासन द्वारा समय पर साफ की गई नालियां और घर के ठीक पास बन रहा नया फ्लड-कंट्रोल प्रोजेक्ट ढाल बन गया। यह कहानी बताती है कि जब कुदरत अपना रौद्र रूप दिखाती है, तो इंसान की थोड़ी सी तैयारी भी किसी फरिश्ते की तरह जान बचा सकती है।

बंद पड़े गोल्फ कोर्स का किया पुनरुद्धार

वार्सोस के घर से महज कुछ ही दूरी पर क्लियर लेक सिटी वॉटर अथॉरिटी एक बंद पड़े गोल्फ कोर्स को एक्सप्लोरेशन ग्रीन नामक 200 एकड़ के हरे-भरे क्षेत्र में बदल रही थी। पहले इस जमीन पर बहुमंजिला इमारतें और कंक्रीट के मकान बनाने की योजना थी, जिससे क्षेत्र में बाढ़ का खतरा कई गुना बढ़ सकता था।

स्थानीय निवासियों की चिंताओं को देखते हुए वॉटर अथॉरिटी ने एक हाइड्रोलॉजिस्ट से अध्ययन कराया। अध्ययन में सलाह दी गई कि बाढ़ रोकने के लिए जल संचयन क्षमता बढ़ाना बेहद जरूरी है।

इसके बाद, 2011 में वॉटर अथॉरिटी ने लगभग 60 लाख डॉलर में इस गोल्फ कोर्स को खरीद लिया और एक्सप्लोरेशन ग्रीन कंजरवेंसी नाम के गैर-लाभकारी संगठन के साथ मिलकर इसे जल संचयन पार्क के रूप में विकसित करना शुरू किया।

डिटेंशन झीलें कैसे करती हैं मदद?

एक्सप्लोरेशन GREEN का मुख्य उद्देश्य भारी बारिश के दौरान पानी को एक जगह रोकना है, ताकि रिहायशी इलाकों में पानी न भरे। इस प्रोजेक्ट में 5 तूफानी पानी डिटेंशन झीलें शामिल हैं, जिनकी कुल क्षमता 50 करोड़ गैलन पानी को रोकने की है।

इसके अलावा, इस क्षेत्र में 40 एकड़ का वेटलैंड, पैदल और साइकिल चलाने के लिए ट्रैक, और खेल के मैदान शामिल हैं। इस परियोजना की खासियत इसकी दोहरी भूमिका है।

भारी बारिश के दौरान यह पानी को जमा करने का काम करती है, जबकि आम दिनों में स्थानीय निवासी इसका इस्तेमाल पार्क और खेलकूद के लिए करते हैं।

तूफान हार्वे के दौरान पहली परीक्षा

2017 में जब तूफान हार्वे आया, तब इस परियोजना का केवल पहला तालाब ही लगभग 80% तक खुद सका था। इसके बावजूद, इस अधूरे तालाब ने ही करीब 10 करोड़ गैलन पानी को रोक लिया।

अनुमान के मुताबिक, इस एक तालाब ने आसपास के कम से कम 150 घरों को बाढ़ में डूबने से बचा लिया। विशेषज्ञों का मानना है कि केवल डिटेंशन तालाब बाढ़ की हर समस्या का हल नहीं हो सकते, लेकिन क्लियर लेक सिटी के इस प्रयोग ने दिखाया कि कैसे अप्रयुक्त शहरी भूमि का उपयोग करके स्थानीय स्तर पर बाढ़ के खतरे को कम किया जा सकता है।

यह भी पढ़ें- टेक्सस हादसे के बाद अमेरिका का बड़ा फैसला, अपाचे हेलीकॉप्टर के ट्रेनिंग मिशन पर लगाई अस्थायी रोक

यह भी पढ़ें- टेक्सस के एयरपोर्ट पर जमीन के बिल्कुल करीब उड़ा बोइंग 777 विमान, वीडियो वायरल