विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

एनवीडिया के सीईओ पद की दौड़ में तीन भारतवंशी भी शामिल, जेनसेन हुआंग के उत्तराधिकारी की तलाश हुई तेज

Published: Sat, 14 Nov 2026 05:30 AM (IST)Updated: Sat, 14 Nov 2026 06:54 AM (IST)

जेनसेन हुआंग के उत्तराधिकारी की तलाश तेज हो गई है। अमेरिकी मीडिया एक्सियोस के अनुसार, इसमें माइक्रोन के सीईओ संजय ...और पढ़ें

संजय मेहरोत्रा ​​(बाएं), निकेश अरोड़ा (पुरुष), थॉमस कुरियन (दाएं) (फाइल फोटो)

संजय मेहरोत्रा ​​(बाएं), निकेश अरोड़ा (पुरुष), थॉमस कुरियन (दाएं) (फाइल फोटो)

HighLights

  1. संजय मेहरोत्रा, निकेश अरोड़ा और थॉमस कुरियन के नामों की अमेरिकी मीडिया में चर्चा 

  2. एनवीडिया संस्थापक जेनसन हुआंग का तीसरा विवाहेतर संबंध उजागर, मुश्किलें बढ़ीं 

  3. चीन को चिप निर्यात नीति पर घिरे अमेरिकी वाणिज्य मंत्री हावर्ड लुटनिक, जा सकती है कुर्सी 

जागरण न्यूज नेटवर्क, नई दिल्ली। दुनिया की सबसे बड़ी एआइ चिप निर्माता कंपनी एनवीडिया के संस्थापक जेनसन हुआंग की जगह लेने के लिए कंपनी में प्रक्रिया तेज हो गई है। इस रेस में तीन भारतीय अमेरिकी कारोबारियों को भी आगे बताया जा रहा है।

अमेरिकी मीडिया एक्सियोस के अनुसार, इसमें माइक्रोन के सीईओ संजय मेहरोत्रा, पॉलो ऑल्टो नेटवर्क्स के प्रमुख निकेश अरोड़ा और गूगल क्लाउड के सीईओ थामस कुरियन शामिल हैं।

संजय मेहरोत्रा मेमोरी चिप उद्योग का जाना-पहचाना नाम हैं। वह माइक्रोन के सीईओ हैं और फ्लैश मेमोरी कंपनी सैनडिस्क के सह-संस्थापक भी रहे हैं। निकेश अरोड़ा इससे पहले गूगल और साफ्टबैंक में अहम पदों पर काम कर चुके हैं।

वहीं, थॉमस कुरियन गूगल क्लाउड के प्रमुख हैं और उन्हें क्लाउड कंप्यूटिंग तथा उद्यम सॉफ्टवेयर क्षेत्र का लंबा अनुभव है। बता दें कि अमेरिकी टेक कंपनियों में भारतवंशियों का दबदबा है।

गूगल के सीईओ सुंदर पिचाई और माइक्रोसाफ्ट के सत्या नडेला के अलावा तमाम भारतवंशी अमेरिकी कंपनियों का नेतृत्व कर रहे हैं। उधर, हुआंग की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। कंपनी के मुखिया का पद छोड़ने के बाद अब उनको लेकर तीसरा विवाहेतर संबंध का मामला सामने आया है।

रॉयटर ने दो सूत्रों के हवाले से बताया कि हुआंग का कंपनी की एक अन्य महिला कर्मचारी के साथ भी आत्मीय संबंध था। हालांकि, एजेंसी ने महिला की पहचान और कंपनी में उसकी भूमिका उजागर नहीं की है।

इससे पहले हुआंग के चीनी जासूस होने के संदेह वाली कारोबारी एलिस हुआंग और एनवीडिया की हेल्थकेयर विभाग की उपाध्यक्ष किंबर्ली पावेल के साथ संबंधों की खबरें सामने आई थीं।

कंपनी ने मुख्य वित्त अधिकारी कोलेट क्रेस को अंतरिम सीईओ नियुक्त किया है। रायटर ने फाइनेंशियल टाइम्स के हवाले से बताया कि कंपनी ने आर्म होल्डिंग्स के सीईओ रेने हास से सीईओ का पद संभालने का आग्रह किया है।

अमेरिकी मंत्री हावर्ड लुटनिक की कुर्सी खतरे में एनवीडिया विवाद का असर अब अमेरिकी सरकार की चिप निर्यात नीति पर भी पड़ रहा है। वाणिज्य मंत्री हावर्ड लुटनिक पर चीन को उन्नत एआई चिप के निर्यात से जुड़े मामलों में ढिलाई बरतने के आरोप लग रहे हैं।

रॉयटर के अनुसार, व्हाइट हाउस के वरिष्ठ अधिकारी उन्हें पद से हटाने के विकल्प पर भी विचार कर रहे हैं। हालांकि, इस संबंध में प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।

बता दें कि लुटनिक भारत और ब्राजील के प्रति सख्त रुख अपनाते रहे हैं। आरोप है कि चीन को उन्नत चिप की आपूर्ति पर नियंत्रण के मामले में वाणिज्य मंत्रालय ने पर्याप्त सख्ती नहीं दिखाई।

अमेरिकी वित्त मंत्री स्काट बेसेंट ने एक इंटरव्यू में कहा कि चार विभाग, वित्त मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय, यूएसटीआर और विदेश मंत्रालय मेगास्पीड को काली सूची में डालने के पक्ष में थे, लेकिन असल अधिकार वाणिज्य मंत्रालय के पास था।

अमेरिकी सांसदों ने भी चीन को उन्नत एआइ चिप मिलने की आशंका जताते हुए निर्यात नियमों को और सख्त करने की मांग की है। एलिस हुआंग को लेकर जांच जारी एनवीडिया प्रमुख के कथित संबंधों में शामिल एलिस हुआंग को लेकर अमेरिका में राष्ट्रीय सुरक्षा से जुड़ी बहस तेज हो गई है।

हालांकि, अमेरिकी न्याय विभाग के अटार्नी जनरल टोड ब्लांच ने स्पष्ट किया है कि विभाग अभी इस निष्कर्ष पर नहीं पहुंचा है कि एलिस चीनी जासूस हैं या नहीं।

उनके मुताबिक, एफबीआई उन रिपोर्टों की जांच कर रही है, जिनमें एलिस के चीन सरकार के लिए काम करने का दावा किया गया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी एक साक्षात्कार में कहा कि एलिस को जासूस मानने पर अभी अंतिम फैसला नहीं हुआ है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।