विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ईरान की सहायता करने के लिए चिनफिंग को घेर सकते हैं ट्रंप, ताइवान और टैरिफ पर भी हो सकती है चर्चा

Published: Thu, 24 Sep 2026 02:06 AM (IST)

एक दशक से भी अधिक समय बाद चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा पर पहुंच रहे ...और पढ़ें

ईरान की सहायता करने के लिए चिनफिंग को घेर सकते हैं ट्रंप

ईरान की सहायता करने के लिए चिनफिंग को घेर सकते हैं ट्रंप

HighLights

  1. एक दशक से अधिक समय बाद अमेरिका की यात्रा पर पहुंच रहे चीन के राष्ट्रपति

  2. चीनी सेटेलाइट की तस्वीरों के आधार पर ईरान ने अमेरिकी सेना पर किया था हमला

एएनआई, वाशिंगटन। एक दशक से भी अधिक समय बाद चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग अमेरिका की तीन दिवसीय यात्रा पर पहुंच रहे हैं। इस दौरान अमेरिकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप ईरान को सहायता देने के मुद्दे पर चिनफिंग को घेर सकते हैं।

फॉक्स न्यूज के अनुसार, 17 जुलाई को अमेरिकी सेना पर ईरान के घातक हमले से पहले चीनी कंपनियों द्वारा ईरान को सेटेलाइट इंटेलिजेंस (खुफिया जानकारी) उपलब्ध कराने की खबरें आई थीं।

इससे पहले, वॉल स्ट्रीट जर्नल ने ईरान को चीन से सेटेलाइट मदद मिलने की बात कही थी। अधिकारियों ने इस खुफिया जानकारी को अब तक का सबसे स्पष्ट सुबूत बताया जिसकी वजह से अमेरिकी सेना को घातक नुकसान उठाना पड़ा।

अधिकारियों ने यह जानकारी उपलब्ध कराने में शामिल चीनी कंपनियों की पहचान नहीं बताई और न ही यह आरोप लगाया कि चीन सरकार ने खुद इन सेटेलाइट तस्वीरों के ट्रांसफर का आदेश दिया था।

हालांकि हमले के बाद भी ईरान को सेटेलाइट तस्वीरें मिल रही थीं। दोनों देशों के रिश्तों में एक और सबसे संवेदनशील मुद्दा ताइवान का है। चीन पहले ही अमेरिका को इस मुद्दे पर सीमा नहीं लांघने की चेतावनी दे चुका है।

दिसंबर में ट्रंप प्रशासन ने ताइवान को 11 अरब डॉलर के हथियार बेचने की मंजूरी दी, जो अब तक की सबसे बड़ी डील थी। लेकिन लगभग 14 अरब डालर का दूसरा पैकेज महीनों से रुका हुआ है।

इससे माहौल प्रभावित हो सकता है। लिहाजा ताइवान की भी चिनफिंग की इस यात्रा पर करीबी नजर है और उसने भरोसा जताया है कि उसे अमेरिकी हथियारों की बिक्री जारी रहेगी।

ट्रंप-चिनफिंग वार्ता के दौरान व्यापार, एआई समेत आधुनिक प्रौद्योगिकी, महत्वपूर्ण खनिजों और दोनों देशों के बीच व्यापक संबंधों पर चर्चा होने की उम्मीद जताई जा रही है।

अमेरिका मैक्सिको के कार्टेल को फेंटानिल बनाने वाले रसायनों की आपूर्ति और चीनी जेलों में बंद अमेरिकियों का मामला भी उठाएगा। हालांकि विश्लेषकों को दोनों नेताओं की वार्ता से किसी बड़ी सफलता की उम्मीद कम है।

हवाई अड्डे पर ट्रंप खुद करेंगे स्वागत

ट्रंप बुधवार शाम मैरीलैंड के उस मिलिट्री बेस पर पहुंचकर चिनफिंग और उनकी पत्नी पेंग लियुआन का स्वागत करेंगे जहां एयर फोर्स वन लैंड करता है।

गुरुवार को दोनों राष्ट्रपति द्विपक्षीय बातचीत से पहले व्हाइट हाउस में औपचारिक स्वागत समारोह और मिलिट्री रिव्यू में शामिल होंगे। शाम को ट्रंप चीनी प्रतिनिधिमंडल के लिए राजकीय भोज का आयोजन करेंगे। इसमें दोनों देशों की प्रमुख कंपनियों के सीईओ के भी शामिल होने की संभावना है।