अमेरिका की जासूसी एजेंसी NSA का इंटरनल नेटवर्क ठप, साइबर अटैक की आशंका; जांच में जुटे अधिकारी
अमेरिका की राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनएसए) का अत्यंत गोपनीय आंतरिक संचार नेटवर्क ठप हो गया है। इस आउटेज का कारण ...और पढ़ें

अमेरिका की जासूसी एजेंसी NSA का इंटरनल नेटवर्क ठप (फोटो- रॉयटर)
HighLights
अमेरिकी नीति निर्माताओं और सैन्य बलों को जानकारी उपलब्ध कराती है एनएसए
सीएनएन का दावा- खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान में इस्तेमाल होने वाली सेवा प्रभावित
साइबर हमले का तत्काल कोई सुबूत नहीं, राष्ट्रपति ट्रंप ने तकनीकी गड़बड़ियों को बताया सामान्य घटना
रॉयटर, वाशिंगटन। अमेरिका में लगातार सामने आ रही तकनीकी गड़बड़ियों के बीच मंगलवार को राष्ट्रीय सुरक्षा एजेंसी (एनएसए) का अत्यंत गोपनीय आंतरिक संचार नेटवर्क भी ठप हो गया।
सीएनएन ने मामले की जानकारी रखने वाले पांच लोगों के हवाले से यह खबर दी। इस नेटवर्क का इस्तेमाल एजेंसी के भीतर संवेदनशील सूचनाओं के आदान-प्रदान के लिए किया जाता है।
रिपोर्ट के मुताबिक, एनएसए नेटवर्क में आई खराबी के दायरे का पता लगाने में जुटी है। हालांकि, शुरुआती तौर पर साइबर हमले का कोई सुबूत नहीं मिला है। एनएसए ने इस मामले पर टिप्पणी नहीं की।
सीएनएन के अनुसार, इस गड़बड़ी से एशिया दौरे पर गए राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को खुफिया सूचनाएं भेजने की व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका नहीं है। अधिकारियों ने बताया कि सरकार के पास सुरक्षित वैकल्पिक नेटवर्क और बैकअप व्यवस्थाएं मौजूद हैं।
ट्रंप ने कहा- ऐसी चीजें होती रहती हैंअमेरिका में हाल के दिनों में माइक्रोसाफ्ट आउटेज, एयर ट्रैफिक कंट्रोल की राउटर समस्या और जेपीमार्गन चेज के सिस्टम में भी तकनीकी गड़बड़ियां सामने आई हैं।
मनीला में पत्रकारों से बातचीत में ट्रंप ने इन घटनाओं को ज्यादा तवज्जो नहीं दी। उन्होंने कहा, “ऐसी चीजें होती रहती हैं। कोई बात नहीं।”
पुराने सिस्टम पर नई तकनीक से बढ़ रहा दबाव
अमेरिका के गृह सुरक्षा मंत्री मार्कवेन मुलिन ने सीएनबीसी से कहा कि हाल की गड़बड़ियों का साइबर हमलों से संबंध नहीं है। उनके मुताबिक, पुराने कंप्यूटर सिस्टम पर नई तकनीक जोड़ने से उन पर जरूरत से ज्यादा दबाव पड़ रहा है।
उन्होंने कहा कि कंपनियों को सिस्टम अपग्रेड करने से पहले ग्राहकों को संभावित सेवा बाधित होने की जानकारी देनी चाहिए। मुलिन ने कहा कि उन्हें 98 प्रतिशत भरोसा है कि इन घटनाओं के पीछे साइबर हमला नहीं है।
डेढ़ घंटे की सिस्टम खराबी से यूनाइटेड की 600 उड़ानों में देरी
एपी के अनुसार, यूनाइटेड एयरलाइंस की कंप्यूटर प्रणाली में सोमवार को आई खराबी के कारण अमेरिका में उसकी रवाना होने वाली उड़ानों में देरी हुई। समस्या डेढ़ घंटे से अधिक समय तक बनी रही।
फ्लाइटअवेयर के मुताबिक, सोमवार शाम तक एयरलाइन की करीब 600 उड़ानों में देरी हुई थी। एयरलाइन ने बताया कि हवा में मौजूद उड़ानों और यूनाइटेड एक्सप्रेस की क्षेत्रीय सेवाओं पर इसका असर नहीं पड़ा।
साथ ही, साइबर हमले का भी कोई संकेत नहीं मिला है। पायलटों ने हवाई यातायात नियंत्रकों को बताया कि गड़बड़ी उस प्रणाली में थी, जो विमान का अंतिम वजन निर्धारित करने में मदद करती है। उड़ान से पहले पायलट मौसम, रनवे की स्थिति, ईंधन, सामान और यात्रियों के वजन के आधार पर यह सुनिश्चित करते हैं कि विमान सुरक्षित तरीके से उड़ान भर सकता है।