चीन के रोबोट ने तोड़ दिया उसैन बोल्ट का रिकॉर्ड, 100 मीटर दौड़ में दुनिया के सबसे तेज धावक को छोड़ा पीछे
चीन की स्मार्टफोन कंपनी ऑनर के ह्यूमनायड रोबोट 'लाइटनिंग' ने 100 मीटर दौड़ में उसैन बोल्ट का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। रोबोट ने यह दूरी 9.32 सेकंड में पूरी की, जबकि बोल्ट का रिकॉर्ड 9.58 सेकंड का है।
-1787409863350_m.webp)
चीन के रोबोट ने तोड़ा उसैन बोल्ट का रिकॉर्ड (AI जेनरेटेड फोटो)
HighLights
ह्यूमनायड रोबोट 'लाइटनिंग' ने 100 मीटर में बोल्ट को हराया।
रोबोट ने 9.32 सेकंड में 100 मीटर की दौड़ पूरी की।
डिजिटल डेस्क, बीजिंग। इंसानी दिमाग को चुनौती देने से शुरू हुई इंसान बनाम मशीन की प्रतिस्पर्धा अब शारीरिक दमखम तक पहुंच गई है। 1997 में डीप ब्लू नाम के आइबीएम कंप्यूटर ने दिग्गज शतरंज खिलाड़ी गैरी कास्परोव से मुकाबला किया था और उन्हें हरा दिया था।
नए घटनाक्रम में दुनिया के सबसे तेज धावक उसैन बोल्ट के 100 मीटर के रिकॉर्ड को एक ह्यूमनायड रोबोट ने शनिवार को तोड़ दिया। खास बात ये है कि पिछले 17 वर्षों से बोल्ट का रिकॉर्ड कायम है और कोई इंसान उसे नहीं तोड़ सका है।
रोबोट ने तोड़ा उसैन बोल्ट का रिकॉर्ड
चीन की स्मार्टफोन कंपनी आनर के ह्यूमनायड रोबोट ‘लाइटनिंग’ ने 100 मीटर की दूरी 9.32 सेकेंड में पूरी की, जिसे बोल्ट ने 9.58 सेकेंड में तय किया था।
हालांकि, यह उपलब्धि मानव एथलेटिक्स के आधिकारिक विश्व रिकॉर्ड की श्रेणी में नहीं आती, लेकिन शतरंज से लेकर दौड़ के मैदान तक मशीनों की बढ़ती क्षमता आने वाले समय में इंसान और रोबोट के बीच प्रतिस्पर्धा की तस्वीर को और दिलचस्प बना सकती है।
जमैका के दिग्गज धावक उसैन बोल्ट ने 2009 में बर्लिन में आयोजित विश्व एथलेटिक्स चैंपियनशिप में 9.58 सेकेंड में 100 मीटर पूरा कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था।
-1787409850730.webp)
चीन के सरकारी सीजीटीएन के अनुसार, ‘लाइटनिंग’ ने शनिवार को 14.5 मीटर प्रति सेकेंड की रफ्तार से दौड़ते हुए 9.32 सेकेंड में 100 मीटर की दूरी तय की।
रोबोट के लिए यह उपलब्धि इसलिए भी उल्लेखनीय है क्योंकि ‘लाइटनिंग’ पहले लंबी दूरी की दौड़ में अपनी क्षमता दिखा चुका है। उसने अप्रैल में आयोजित 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन में भी हिस्सा लिया था और 50 मिनट 26 सेकेंड में दौड़ पूरी की थी। उस समय रोबोट की लंबाई 169 सेंटीमीटर और पैरों की लंबाई 95 सेंटीमीटर थी।
इसके बाद विश्व ह्यूमनायड रोबोट गेम्स में हिस्सा लेने से पहले शोधकर्ताओं ने उसकी दौड़ने की क्षमता बढ़ाने के लिए पैरों की लंबाई में 10 सेंटीमीटर का इजाफा किया। उसके पैर अब 1.05 मीटर लंबे हैं।
ह्यूमनायड रोबोट के इस प्रदर्शन को चीन की उस महत्वाकांक्षी रणनीति से भी जोड़कर देखा जा रहा है, जिसके तहत वह रोबोटिक्स को भविष्य के प्रमुख उद्योगों में शामिल कर रहा है।
चीन सरकार और कंपनियों को उम्मीद है कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और हार्डवेयर में तेजी से हो रही प्रगति के साथ ह्यूमनायड रोबोट का इस्तेमाल मैन्युफैक्चरिंग, लाजिस्टिक्स और उपभोक्ता क्षेत्र में तेजी से बढ़ेगा।
(समाचार एजेंसी रॉयटर्स के इनपुट के साथ)
यह भी पढ़ें- पहाड़ों पर आतिशबाजी से भड़का चीन, विदेशी पर्वतारोहियों के लिए बंद किए माउंट एवरेस्ट और तिब्बत के रास्ते
