चीन में अनुशासन सिखाने के लिए 'डिसिप्लिन इंडस्ट्री', 6 महीने के चुकाने पड़ते हैं 4000 डॉलर
चीन में कभी बच्चों के लिए बदनाम मिलिट्री-स्टाइल अनुशासन केंद्र अब वयस्कों को भी निशाना बना रहे हैं, जिनके माता-पिता उनकी पसंद से नाखुश हैं।

चीन की डिसिप्लिन इंडस्ट्री की चर्चा।
HighLights
चीन में अनुशासन केंद्र अब वयस्कों को भी निशाना बना रहे हैं।
माता-पिता बच्चों की पसंद से नाखुश होने पर भेजते हैं।
जबरन हिरासत और व्यवहार सुधार के लिए भारी शुल्क लेते हैं।
डिजिटल डेस्क, बीजिंग। चीन में कई संस्थान मिलिट्री-स्टाइल अनुशासन और शारीरिक सजा देने के लिए बदनाम हो गए थे। इसके बाद लोगों के विरोध के कारण इस इंडस्ट्री को खुद को फैमिली एजुकेशन सेंटर, बिहेवियरल इंटरवेंशन प्रोग्राम या यूथ डेवलपमेंट ऑर्गनाइजेशन के तौर पर रीब्रांड करना पड़ा।
एक रिपोर्ट के मुताबिक, भले ही नाम बदल गए हों, लेकिन इनका बिजनेस मॉडल अब उन वयस्कों तक भी फैल गया है जिनकी निजी पसंद उनके माता-पिता की उम्मीदों से मेल नहीं खाती।
अब किस तरह से काम कर रहे ये संस्थान
ऑनलाइन मैगजीन द डिप्लोमैट की एक रिपोर्ट के अनुसार, रोमांटिक रिश्ते, बहुत ज्यादा गेमिंग, बेरोजगारी, लीक से हटकर करियर चुनना और सोने का अनियमित समय ये सभी दखलंदाजी की वजह बन सकते हैं।
मार्च में बीजिंग में संगीत की पढ़ाई कर रही एक 21 साल की छात्रा पियानो सिखाने के लिए एक अपार्टमेंट कॉम्प्लेक्स गई। वहां उसके पिता, बुआ और एक प्राइवेट डिसिप्लिनरी संस्थान के दो कर्मचारी उसका इंतजार कर रहे थे। उसके रिश्तेदारों ने उससे कहा कि अजनबी लोग पुलिस अफसर हैं जो परिवार के एक मामले की जांच कर रहे हैं।
रिपोर्ट में खुलासा
रिपोर्ट में बताया गया है कि उन्होंने जबरदस्ती उसे गाड़ी में बिठाया, उसका फोन छीन लिया और उसे सैकड़ों मील दूर हेनान प्रांत के एक संस्थान में ले गए, जहां वह अगले 11 दिनों तक रही।
सदर्न पीपुल वीकली का हवाला देते हुए रिपोर्ट में कहा गया है कि उसके माता-पिता उसके रिश्ते से खुश नहीं थे और उन्हें लगता था कि उनकी बेटी पहले उनकी बात मानती थी अब उसे संभालना मुश्किल हो गया है।
कितनी रकम वसूलते हैं ये संस्थान
उन्होंने उसे अलग-थलग रखने, उसकी रोजमर्रा की गतिविधियों पर नजर रखने और उसे रिश्ता तोड़ने के लिए मनाने के लिए उस संस्थान की सर्विस ली। रिपोर्टों से पता चलता है कि यह संस्थान छह महीने के लिए 26,800 युआन (लगभग 4,000 डॉलर) और एक साल के लिए 36,800 युआन चार्ज करता था, जिसमें रहने और खाने-पीने का खर्च भी शामिल था।
चाइना न्यूजवीक की जुलाई की एक जांच में ऐसे कई वयस्कों का जिक्र किया गया जिन्हें उनके अपने परिवारों ने ऐसे ही संस्थानों में रखा था। 21 साल के एक युवक ने बताया कि उसके माता-पिता ने उसकी सोने की आदतों को सुधारने के लिए एक संस्थान को पैसे दिए थे।
चीनी मीडिया आउटलेट जिएमियन न्यूज की जांच का हवाला देते हुए रिपोर्ट में बताया गया है कि चीन के एक बिहेवियरल करेक्शन स्कूल में 33 साल तक के वयस्क किशोरों के साथ रह रहे हैं।
रिपोर्ट के अनुसार, चीनी कानून के तहत किसी व्यक्ति की निजी आजादी पर गैर-कानूनी रोक लगाना अपराध है और ऐसा करने वालों को तीन साल तक की जेल हो सकती है।
यह भी पढ़ें: चीन में 25 लाख रुपये में मिल रहा एक बंदर, आखिर एक साल में कैसे दोगुने हो गए दाम?
