विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चीन की अदालत का ऐतिहासिक फैसला, रियल एस्टेट कंपनी एवरग्रांडे के संस्थापक को उम्रकैद की सजा

Updated: Fri, 21 Aug 2026 03:03 AM (GMT+05:30)

चीन की एक अदालत ने गुरुवार को एवरग्रांडे के अरबपति संस्थापक शू जियायिन को उम्रकैद की सजा सुनाई

चीन में रियल एस्टेट कंपनी एवरग्रांडे के संस्थापक को उम्रकैद की सजा

चीन में रियल एस्टेट कंपनी एवरग्रांडे के संस्थापक को उम्रकैद की सजा

HighLights

  1. शू जियायिन पर 8.82 अरब युआन और एवरग्रांडे ग्रुप की घरेलू आपरेटिंग यूनिट पर सात अरब युआन का जुर्माना

  2. वह कभी एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति रहे थे, उनकी सभी निजी संपत्ति जब्त करने का भी कोर्ट ने आदेश दिया

पीटीआई, हांगकांग। चीन की एक अदालत ने गुरुवार को एवरग्रांडे के अरबपति संस्थापक शू जियायिन को उम्रकैद की सजा सुनाई। यह सजा उस घटना के कई साल बाद सुनाई गई है, जब इस बड़ी रियल एस्टेट कंपनी के डूबने से चीन का वित्तीय तंत्र लगभग ठप हो गया था।

कंपनी के फाउंडर और पूर्व चेयरमैन शू जियायिन की सभी निजी संपत्ति जब्त करने का भी आदेश दिया गया है। कभी एशिया के सबसे अमीर व्यक्ति रहे जियायिन की दौलत और रसूख में तब कमी आई, जब उनकी कंपनी बिखरने लगी।

कोर्ट ने शू जियायिन पर 8.82 अरब युआन और एवरग्रांडे ग्रुप की घरेलू आपरेटिंग यूनिट हेंगडा रियल एस्टेट पर सात अरब युआन का जुर्माना भी लगाया है।

ये आपराधिक आरोपों के लिए चीनी अदालत द्वारा कंपनियों पर लगाए गए सबसे बड़े जुर्माने में से एक है। 67 वर्षीय शू, जिन्हें हुई का यान के नाम से भी जाना जाता है, के राजनीतिक अधिकारों को जीवन भर के लिए छीन लिया गया है।

उन्होंने अप्रैल में कार्पोरेट संपत्ति के गबन और कार्पोरेट रिश्वतखोरी सहित कई आरोपों में अपना अपराध स्वीकार किया था। अदालत ने कंपनी के 56 कर्मचारियों को, जिनमें जियायिन के दो बेटे भी शामिल हैं, 22 महीने से लेकर 18 साल तक की सजा सुनाई और उन पर जुर्माना लगाया या उनकी संपत्ति जब्त कर ली।
गौरतलब है कि शू जियायिन ने 1996 में एवरग्रांडे कंपनी शुरू की। कंपनी को तब बड़ा झटका लगा, जब बीजिंग ने 2020 में देश के प्रापर्टी सेक्टर में कर्ज को नियंत्रित करने के लिए नए नियम लागू किए।

जब कंपनी अपने कर्ज पर ब्याज चुकाने में मुश्किलों का सामना कर रही थी, तो उसने खुद को बचाए रखने के लिए अपनी प्रापर्टीज को भारी छूट पर बेचा, लेकिन आखिरकार 2021 में वह डूब गई।