विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

चीन से बांग्लादेश जा रहा जहाज इंडोनेशिया में जब्त, 405 टन केमिकल बरामद; 100 मिसाइलें बनाने का था प्लान?

Published: Mon, 23 Nov 2026 05:02 PM (IST)Updated: Mon, 23 Nov 2026 05:03 PM (IST)

इंडोनेशियाई नौसेना ने बेलावन में कोमोरोस ध्वज वाले MV Star Line जहाज को जब्त किया, जिस पर 405 टन सोडियम परक्लोरेट और लाखों सिम कार्ड लदे थे।

इंडोनेशिया में पकड़ा गया चीन-बांग्लादेश रूट का जहाज (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

इंडोनेशिया में पकड़ा गया चीन-बांग्लादेश रूट का जहाज (AI से बनाई गई सांकेतिक तस्वीर)

HighLights

  1. इंडोनेशियाई नौसेना ने MV Star Line जहाज को जब्त किया।

  2. जहाज पर 405 टन सोडियम परक्लोरेट केमिकल मिला।

  3. लाखों अनरजिस्टर्ड 4G LTE सिम कार्ड भी बरामद हुए।

डिजिटल डेस्क, जकार्ता। इंडोनेशियाई नौसेना ने बेलावन के समुद्री क्षेत्र में कोमोरोस ध्वज वाले एक मालवाहक जहाज को जब्त किया है, जिस पर 405 टन सोडियम परक्लोरेट लदा था। यह एक शक्तिशाली ऑक्सीडाइजिंग केमिकल है, जिसका इस्तेमाल औद्योगिक कामों के साथ-साथ रॉकेट ईंधन और कुछ विस्फोटकों के निर्माण में भी होता है।

जहाज का नाम MV Star Line बताया गया है, जिसे 7 नवंबर को हिरासत में लिया गया था। यह जहाज चीन के लियानयुंगांग बंदरगाह से बांग्लादेश के मोंगला बंदरगाह जा रहा था। इंडोनेशियाई नौसेना के क्षेत्रीय कमान-I के कमांडर रियर एडमिरल डेनी सेप्टियाना ने 20 नवंबर को बेलावन में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इस बड़ी कार्रवाई का खुलासा किया।

कैसे पकड़ा गया जहाज?

रिपोर्ट्स के मुताबिक, जहाज ने ईंधन भरने के लिए बेलावन के जलक्षेत्र में रुकावट ली थी, तभी नौसेना के कर्मियों को इसकी संदिग्ध गतिविधियों का पता चला। नौसेना के गश्ती जहाज KRI Sigalu-857 ने देखा कि जहाज अपने तय रूट से हटकर चल रहा है। इसके बाद गश्ती दल ने जहाज से संपर्क कर जांच की, जिसमें दस्तावेजों और माल को लेकर कई गड़बड़ियां सामने आईं।

15 कंटेनरों में मिला केमिकल, लाखों SIM कार्ड भी बरामद

इंडोनेशियाई नौसेना के अनुसार, जहाज पर कुल 36 कंटेनर थे, जिनमें से 15 कंटेनरों में 405 टन सोडियम परक्लोरेट भरा हुआ था। रियर एडमिरल डेनी सेप्टियाना ने बताया कि जब्त की गई इस केमिकल की मात्रा से संभावित रूप से 100 मिसाइलों का निर्माण किया जा सकता था। इसके अलावा, जहाज से 54 पैलेट भी मिले हैं, जिनमें लाखों की संख्या में अनरजिस्टर्ड खाली 4G LTE सिम कार्ड रखे थे।

बड़ी बात यह है कि जहाज को 8 नवंबर की दोपहर तक बांग्लादेश के मोंगला बंदरगाह पहुंचना था, लेकिन उसने इंडोनेशियाई जलक्षेत्र में बिना तय कार्यक्रम के पड़ाव डाला। दूसरी ओर चूंकि जहाज बांग्लादेश पहुंचने से पहले ही रोक लिया गया, इसलिए इस खेप के असली आयातक की पहचान अभी नहीं हो सकी है।

दस्तावेजों में गड़बड़ी और संदिग्ध स्थिति

गौरतलब है कि नौसेना की जांच में जहाज के पंजीकरण से जुड़े कागजातों में भी बड़ी खामियां मिलीं। दस्तावेजों में जहाज का IMO नंबर 8356962, आधिकारिक नंबर 1902384 और कॉल साइन D-6A4384 दर्ज था। हालांकि कागजों पर वैधता 8 अक्टूबर 2027 तक लिखी थी, लेकिन हकीकत में इसका पंजीकरण निलंबित (Suspended) स्थिति में था।

इतना ही नहीं जहाज के शिपिंग दस्तावेजों के फर्जी होने की आशंका है और इसने रेडियो संचार का भी कथित तौर पर जवाब नहीं दिया था। फिलहाल अधिकारी जहाज के प्रशासनिक रिकॉर्ड, नेविगेशन परमिट और खतरनाक सामान ले जाने के नियमों के पालन की जांच कर रहे हैं। साथ ही, जहाज पर सवार लोगों से पूछताछ जारी है ताकि शिपमेंट से जुड़े लोगों, शिपिंग कंपनी और माल के असली मालिकों का पता लगाया जा सके।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।