'गलती की लेकिन मान नहीं सकते', रूस के पूर्व पीएम का दावा- पुतिन यूक्रेन युद्ध खत्म करने को तैयार नहीं
रूस के पूर्व प्रधानमंत्री मिखाइल कास्यानोव ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के लिए ...और पढ़ें

रूस के पूर्व पीएम का दावा- पुतिन यूक्रेन युद्ध खत्म करने को तैयार नहीं (फोटो- रॉयटर)
HighLights
कास्यानोव 2000 से 2004 तक रूस के प्रधानमंत्री रह चुके हैं
बढ़ती आर्थिक दिक्कतों के बाद भी यूक्रेन युद्ध रोकने को तैयार नहीं पुतिन
एएफपी, पेरिस। रूस के पूर्व प्रधानमंत्री मिखाइल कास्यानोव ने शनिवार को कहा कि राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन यूक्रेन युद्ध समाप्त करने के लिए तैयार नहीं हैं, भले ही उन्हें एहसास हो कि 2022 में आक्रमण करना गलती थी।
एएफपी को दिए इंटरव्यू में कास्यानोव (68) ने कहा कि उन्होंने गलती की है जिसे वे स्वीकार नहीं कर पा रहे। उन्हें सुरक्षा एजेंसियों की रिपोर्ट पर भरोसा था कि यूक्रेन कमजोर है।
कास्यानोव 2000 से 2004 तक रूस के प्रधानमंत्री रह चुके हैं और वर्तमान में निर्वासन में रीगा में रहते हैं।
उन्होंने कहा कि उच्च तेल कीमतों और अमेरिका-यूरोप के बीच मतभेदों ने पुतिन की स्थिति मजबूत की है। पुतिन खुश हैं। उन्हें लगता है कि बिना किसी रियायत के युद्ध जारी रख सकते हैं और यूक्रेन के खिलाफ थकावट की लड़ाई जीत रहे हैं।
कास्यानोव ने चेतावनी दी कि आने वाली सर्दी यूक्रेन के लिए बहुत कठिन हो सकती है। उन्होंने पश्चिमी देशों से एकजुट रहने और कीव को पैट्रियट मिसाइल इंटरसेप्टर तत्काल देने की अपील की।
उन्होंने बताया कि रूसी सत्ता वर्ग में डर का माहौल है और अधिकांश लोग युद्ध समाप्त चाहते हैं, लेकिन आम लोगों में विद्रोह की संभावना नहीं दिखती। हालांकि बड़े पैमाने पर फिर से भर्ती होने पर सड़कों पर विरोध हो सकता है।
