विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल में एक ही घर से 24 शव बरामद, अब तक 939 लोगों की मौत; 4000 से ज्यादा अभी भी लापता

Updated: Tue, 01 Sep 2026 09:12 AM (IST)

नेपाल में आई भीषण बाढ़ के बाद तबाही का मंजर जारी है, जहां अब तक 939 शव बरामद हुए हैं और 4000 लोग लापता हैं।

नुवाकोट में एक घर से 24 शव बरामद किए गए( प्रतीकात्मक तस्वीर: रॉयटर्स)

नुवाकोट में एक घर से 24 शव बरामद किए गए( प्रतीकात्मक तस्वीर: रॉयटर्स)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, काठमांडू। नेपाल में आई भीषण बाढ़ को कई दिन गुजर चुके हैं, लेकिन तबाही का खौफनाक मंजर अब भी कायम है। बिखरे हुए मलबे के बीच जिंदगियां तलाशने का अभियान युद्ध स्तर पर चल रहा है। करीब चार हजार लोग अभी भी लापता हैं।

रेस्क्यू एजेंसियों के अनुसार, अब तक करीब 939 लोगों के शव बरामद किए जा चुके हैं। इसी कड़ी में मंगलवार को नुवाकोट जिले में रेस्क्यू के दौरान एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई।

flood in nepal

नेपाल के एक न्यूज वेबसाइट के अनुसार, नुवाकोट जिले के भोटे कोशी बाढ़ प्रभावित क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले बिदुर नगर पालिका-10 (वेत्रवंती) में एक ही घर के मलबे से 24 शव निकाले गए हैं। नुवाकोट के एसपी बिपिन रेग्मी ने बताया कि बरामद किए गए शवों में 13 महिलाएं, 11 पुरुष और एक बच्चा शामिल है।

फिलहाल शवों की पहचान नहीं हो सकी है और उन्हें पोस्टमार्टम के लिए काठमांडू के त्रिभुवन यूनिवर्सिटी टीचिंग अस्पताल भेज दिया गया है।

nepal

प्रिंसिपल की सूझबूझ से बची छात्रों की जान

त्रिशूली सेकेंडरी स्कूल के प्रिंसिपल राजेंद्र दवाड़ी के सही समय पर लिए गए फैसले ने करीब 900 छात्रों की जान बचा ली। बाढ़ की चेतावनी मिलते ही प्रिंसिपल दवाड़ी ने तुरंत स्कूल खाली कराया और सभी मौजूद छात्रों को पास की एक सुरक्षित पहाड़ी पर पहुंचा दिया।

कुछ ही देर बाद पानी, कीचड़ और चट्टानों का तेज बहाव स्कूल की पूरी इमारत को बहा ले गया। हादसे के वक्त स्कूल के 1,643 छात्रों में से करीब 900 कैंपस में मौजूद थे। दुर्भाग्य से, स्कूल के दो कर्मचारी समय पर बाहर नहीं निकल सके और वे अभी भी लापता हैं।

आपदा को आए कई दिन हो गए हैं, लेकिन लापता लोगों की तादाद अब भी हजारों में बनी हुई है। कुल मिलाकर करीब 4,000 लोग अभी भी लापता बताए जा रहे हैं। रसुवा जिले के उत्तरगया गांव में ही करीब 350 छात्रों का कोई सुराग नहीं है।

nepal flood (1)

हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट की स्थिति भी बेहद चिंताजनक

त्रिशूली 3ए हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट में काम करने वाले 40 से 42 इंजीनियर फंसे हुए हैं। आपदा के समय ये सभी काम पर तैनात थे। त्रासदी के छठे दिन भी यहां रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू नहीं किया जा सका है।

त्रिशूली 3बी हाइड्रोपावर प्रोजेक्ट में हालात और भी गंभीर हैं। प्रोजेक्ट में काम कर रहे इंजीनियर, अन्य अधिकारी और श्रमिकों सहित कुल 118 लोग फंसे हुए हैं। इन लोगों से किसी तरह का कोई संपर्क नहीं हो पा रहा है।

nepal floods (5)

मलबे से उठ रही दुर्गंध से महामारी फैलने का खतरा

बाढ़ प्रभावित इलाकों में अब एक नई मुसीबत खड़ी हो गई है। त्रासदी के सात दिन बाद चारों तरफ दुर्गंध फैलने लगी है। मलबे और दलदल में दबे शवों के सड़ने के कारण प्रभावित इलाकों में महामारी फैलने का खतरा गहरा गया है। रेस्क्यू एजेंसियों के सामने अब मलबे से शव निकालने के साथ-साथ सैनिटेशन और बीमारियों को रोकने की बड़ी चुनौती है।

यह भी पढ़ें- मालिक लापता, घर बह गया... नेपाल में बाढ़ के बीच मलबे पर डटा वफादार कुत्ता

यह भी पढ़ें- नेपाल बाढ़ से पहले का नया वीडियो आया सामने, चीनी फोटोग्राफर के ड्रोन में कैदा हुआ ग्लेशियर ढहने के दृश्य