पाकिस्तान में अल्पसंख्यकों पर फिर निशाना: सरगोधा यूनिवर्सिटी के बाहर अहमदिया-विरोधी पोस्टर लगाए गए
पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार को एक यूनिवर्सिटी के बाहर चरमपंथी गुटों ने अहमदिया समुदाय के खिलाफ अपमानजनक और नफरत भरे संदेश वाले बैनर लगाए।

पाकिस्तान में सरगोधा यूनिवर्सिटी के बाहर अहमदिया-विरोधी बैनर लगाए गए (सांकेतिक तस्वीर)
HighLights
बैनरों में अहमदिया लोगों के खिलाफ आपत्तिजनक बातें लिखी हैं
पाकिस्तान में अहमदिया समुदाय के खिलाफ बढ़ती हिंसा और नफरत पर जताई गंभीर चिंता
पीटीआई, लाहौर। पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में मंगलवार को एक यूनिवर्सिटी के बाहर चरमपंथी गुटों ने अहमदिया समुदाय के खिलाफ अपमानजनक और नफरत भरे संदेश वाले बैनर लगाए।
यह घटना संयुक्त राष्ट्र के विशेषज्ञों द्वारा इस अल्पसंख्यक समुदाय के खिलाफ जारी भेदभाव, हिंसा और कानूनी प्रतिबंधों पर गंभीर चिंता जताने के एक दिन बाद हुई। इस घटना ने पाकिस्तान में अल्पसंख्यक समुदायों को निशाना बनाए जाने को लेकर चिंताएं फिर से बढ़ा दी हैं।
लाहौर से 200 किलोमीटर दूर सरगोधा यूनिवर्सिटी रोड पर लगाए गए कई बैनरों में अहमदिया समुदाय को अलग-थलग करने और उनके सामाजिक बहिष्कार की मांग की गई।
कुछ बैनरों में अहमदिया लोगों को पाकिस्तान के प्रति वफादार न होने वाला बताया गया, उन्हें अहम पदों से हटाने और उनके पूरी तरह बहिष्कार की मांग की गई। एक बैनर पर लिखा था, "हम कादियानियत से नफरत करते हैं," जिसमें समुदाय का जिक्र किया गया था।
जमात-ए-अहमदिया पाकिस्तान ने इन बैनरों को लगाए जाने की निंदा करते हुए कहा कि धार्मिक मान्यताओं में अंतर कभी भी किसी पंथ या समुदाय के खिलाफ नफरत फैलाने का आधार नहीं बनना चाहिए।
संगठन ने इन बैनरों को तुरंत हटाने की मांग करते हुए कानून लागू करने वाली एजेंसियों से कहा कि वे बैनर लगाने के लिए जिम्मेदार लोगों की पहचान करें और संबंधित कानूनों के तहत उनके खिलाफ कार्रवाई करें।
