पाकिस्तान: रावलपिंडी में सेना की तैनाती को मंजूरी, अनुच्छेद 245 के तहत 3 कंपनियां की जाएंगी तैनात
पाकिस्तान सरकार ने पंजाब के गृह विभाग के अनुरोध पर रावलपिंडी में छह महीने के लिए सेना की तैनाती को मंजूरी दी है।

रावलपिंडी में सेना तैनात करेगा पाकिस्तान।
HighLights
सेना की तैनाती पंजाब के गृह विभाग के अनुरोध पर हुई।
संविधान के अनुच्छेद 245 के तहत मिली शक्तियों का उपयोग।
अवांछित स्थिति से निपटने और सुरक्षा कार्यों हेतु फैसला।
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान सरकार ने पंजाब के गृह विभाग के अनुरोध पर रावलपिंडी में संवेदनशील सुरक्षा कार्यों के लिए छह महीने तक सेना की तैनाती को मंजूरी दे दी है।
शुक्रवार को गृह और नारकोटिक्स कंट्रोल मंत्रालय द्वारा जारी नोटिफिकेशन के अनुसार, "सरकार, पाकिस्तान के संविधान के अनुच्छेद 245 के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए, रावलपिंडी में संवेदनशील सुरक्षा कार्यों के लिए पाकिस्तान सेना की तीन कंपनियों की तैनाती को मंजूरी देती है।"
यह फैसला किसी भी अवांछित स्थिति से बचने और जिला प्रशासन की जरूरत के अनुसार किसी भी अप्रत्याशित स्थिति में प्रभावी ढंग से निपटने के लिए लिया गया। संविधान का अनुच्छेद 245 नागरिक प्रशासन की मदद के लिए सशस्त्र बलों की तैनाती से संबंधित है।
यह फैसला पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान की पार्टी पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ से जुड़े एक व्यक्ति द्वारा सुरक्षा बलों पर गोलीबारी करने और जवाबी कार्रवाई में मारे जाने के कुछ दिनों बाद आया है।
सुरक्षा सूत्रों का हवाला देते हुए, सरकारी पीटीवी न्यूज ने बताया हमलावर खैबर जिले का रहने वाला था और सक्रिय पीटीआई सदस्य था। हालांकि, पीटीआई ने इस घटना से खुद को अलग कर लिया और कहा कि इसका आतंकवाद से कोई लेना-देना नहीं है और पार्टी को इससे जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
