पाकिस्तान ने फिर निकाली खीज, भारतीय विमानों के लिए एयरस्पेस पर लगी रोक 24 सितंबर तक बढ़ाई
पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए अपने हवाई क्षेत्र को 24 सितंबर तक बंद रखने की अवधि बढ़ा दी है।

पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए एयरस्पेस पर रोल को बढ़ाया। (रॉयटर्स)
HighLights
पाकिस्तान ने भारतीय विमानों के लिए एयरस्पेस प्रतिबंध बढ़ाया।
यह रोक अब 24 सितंबर तक प्रभावी रहेगी।
प्रतिबंध भारतीय-पंजीकृत और भारतीय एयरलाइंस पर लागू।
डिजिटल डेस्क, इस्लामाबाद। पाकिस्तान ने बुधवार को भारतीय विमानों के लिए अपने एयरस्पेस (हवाई क्षेत्र) को बंद रखने की अवधि 24 सितंबर तक बढ़ा दी। अप्रैल 2025 में पहलगाम आतंकी हमले के बाद पाकिस्तान और भारत ने एक-दूसरे की एयरलाइंस पर एयरस्पेस से जुड़ी पाबंदियां लगाई थीं।
पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी द्वारा जारी 'नोटिस टू एयरमेन' (नोटम) में कहा गया है, "पाकिस्तान का एयरस्पेस भारत में रजिस्टर्ड विमानों और भारतीय एयरलाइंस/ऑपरेटरों द्वारा संचालित या लीज पर लिए गए विमानों (जिनमें मिलिट्री फ्लाइट्स भी शामिल हैं) के लिए उपलब्ध नहीं है।" यह फैसला 23 अगस्त को पिछली पाबंदी की अवधि खत्म होने से पहले लिया गया है।
नोटम के अनुसार, यह बढ़ी हुई अवधि 23 अगस्त को सुबह 10:15 बजे से लागू होगी और 24 सितंबर को सुबह 4:59 बजे तक प्रभावी रहेगी। पाकिस्तान सिविल एविएशन अथॉरिटी के 2022 के एक दस्तावेज के मुताबिक, देश का एयरस्पेस दो फ्लाइट इन्फॉर्मेशन रीजन (कराची और लाहौर) में बंटा हुआ है। यह नोटम कराची और लाहौर, दोनों पर लागू होता है।
(समाचार एजेंसी पीटीआई के इनपुट के साथ)
